मच्छर बीमारी फैलाता था, माफिया बेरोजगारी… कुशीनगर में योगी का सपा पर निशाना, फाजिलनगर को लेकर भी बड़ा ऐलान
Yogi Adityanath Kushinagar Rally: कुशीनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश से मच्छर और माफिया दोनों खत्म हुए हैं। साथ ही किसानों, रोजगार, मेडिकल कॉलेज, ब्रह्मोस मिसाइल और फाजिलनगर का नाम पावागढ़ करने को लेकर भी बड़ी बातें कहीं।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर पहुंचकर एक जनसभा को संबोधित किया और प्रदेश के विकास, कानून व्यवस्था तथा किसानों से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह दिमागी बुखार की बीमारी पर नियंत्रण पाया गया, उसी तरह प्रदेश से माफियाओं का भी सफाया किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले मच्छर बीमारी फैलाता था और माफिया बेरोजगारी फैलाता था, लेकिन आज दोनों पर प्रभावी कार्रवाई हुई है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एक अच्छा जनप्रतिनिधि वही होता है जो गुंडों और माफियाओं को समाप्त कर जनता के जीवन में खुशहाली लाए।
विकास, सुरक्षा और रोजगार पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार का प्रयास है कि हर बेटी सुरक्षित रहे और हर हाथ को काम मिले। उन्होंने कहा कि आज कुशीनगर में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और यहां मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। अब प्रदेश सरकार किसानों को गन्ने का 400 रुपये मूल्य दे रही है। साथ ही गरीबों को मुफ्त राशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं को रोजगार के अवसर नहीं मिलते थे, जबकि वर्तमान सरकार ने बिना सिफारिश और बिना घूस के सरकारी भर्तियां की हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है।
कानून व्यवस्था और माफियाओं पर कही बड़ी बात
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शोहदों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समझाने से नहीं मानते, इसलिए कानून के दायरे में रहकर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाने पड़ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों में कट्टा और बम बनाने वालों का बोलबाला था और माफियाओं को संरक्षण मिलता था। लेकिन अब कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है और अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है।
ब्रह्मोस मिसाइल और कृषि वैज्ञानिकों की भर्ती का जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान पर दागी जाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण लखनऊ में कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए सरकार हर जरूरी संसाधन उपलब्ध कराएगी। साथ ही यह भी घोषणा की कि इसी वर्ष से कृषि वैज्ञानिकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों, युवाओं और आम जनता के हित में लगातार काम करती रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
