व्हाइट हाउस के बाहर अचानक चली गोलियां, अंदर मीटिंग कर रहे थे ट्रंप, मचा हड़कंप
White House shooting: वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के बाहर अचानक हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अंदर मीटिंग कर रहे थे। सीक्रेट सर्विस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया। घटना के बाद व्हाइट हाउस लॉकडाउन कर दिया गया और ईरान कनेक्शन की भी जांच शुरू हुई।
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार शाम व्हाइट हाउस के बाहर अचानक गोलीबारी होने से हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ईरान के साथ संभावित शांति समझौते को लेकर एक अहम बैठक में मौजूद थे। इसी दौरान व्हाइट हाउस के पास बने सुरक्षा चेकपॉइंट पर एक युवक ने सीक्रेट सर्विस अधिकारियों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके को तुरंत घेर लिया गया और व्हाइट हाउस को लॉकडाउन कर दिया गया। सुरक्षा एजेंसियां अब इस मामले में संभावित ईरान कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।
बैग से निकाली बंदूक, फिर शुरू कर दी फायरिंग
रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना शाम करीब 6 बजे अमेरिकी समयानुसार 17वीं स्ट्रीट और पेन्सिलवेनिया एवेन्यू के पास हुई। बताया जा रहा है कि युवक अपने बैग में हथियार छिपाकर लाया था। उसने अचानक बैग से बंदूक निकाली और वहां तैनात सीक्रेट सर्विस एजेंट्स पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। सीक्रेट सर्विस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की। गोली लगने के बाद संदिग्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई। इस गोलीबारी में एक राहगीर भी घायल हुआ है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि वह हमलावर की गोली से घायल हुआ या जवाबी फायरिंग के दौरान।
पूरे व्हाइट हाउस में मचा हड़कंप
अधिकारियों के अनुसार हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नसीर बेस्ट के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद पूरे व्हाइट हाउस परिसर को लॉकडाउन कर दिया गया। प्रेस लॉन पर मौजूद पत्रकारों को तुरंत प्रेस ब्रीफिंग रूम में जाने के निर्देश दिए गए। नेशनल गार्ड और पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। अल जजीरा की पत्रकार किम्बर्ली हेल्केट के मुताबिक व्हाइट हाउस के नॉर्थ लॉन से 30 से ज्यादा बार गोली चलने की आवाज सुनी गई। घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर ही मौजूद थे। व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन चुंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ट्रंप रात 8 बजे भी काम कर रहे हैं। न रुक सकते हैं, न रुकेंगे।
एक महीने में दूसरी बड़ी घटना
यह पिछले एक महीने में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की दूसरी घटना बताई जा रही है। इससे पहले 25 अप्रैल को व्हाइट हाउस करेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान भी एक व्यक्ति ने सुरक्षा चेकपॉइंट पर फायरिंग की थी। उसके पास शॉटगन, पिस्टल और कई चाकू मिले थे। उस मामले में आरोपी पर राष्ट्रपति की हत्या की कोशिश का आरोप लगाया गया था।
क्या है ईरान कनेक्शन?
पूर्व डिफेंस इंटेलिजेंस अधिकारी एंड्रयू बैजर ने कहा कि ईरान पहले भी प्रॉक्सी लोगों और आपराधिक नेटवर्क का इस्तेमाल करता रहा है और वह सुरक्षा कमजोरियों का फायदा उठा सकता है। हालांकि अभी तक किसी भी अमेरिकी एजेंसी ने ईरान कनेक्शन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है। फिलहाल हमलावर के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
