आरटीओ का सुल्तानपुर एआरटीओ कार्यालय पर औचक निरीक्षण, स्कूल वाहनों को लेकर सख्त निर्देश

आरटीओ रितु सिंह ने सुल्तानपुर एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया और स्कूल वाहन मालिकों को फिटनेस, परमिट और सुरक्षा संबंधी दस्तावेज तुरंत पूरे करने का निर्देश दिया।

May 7, 2026 - 08:23
May 7, 2026 - 08:26
 0
आरटीओ का सुल्तानपुर एआरटीओ कार्यालय पर औचक निरीक्षण, स्कूल वाहनों को लेकर सख्त निर्देश

अयोध्या। शासन के निर्देशों के तहत स्कूल वाहनों की सुरक्षा और दस्तावेजों को पूरी तरह वैध बनाने के लिए आरटीओ (प्रशासन) सुश्री ऋतु सिंह ने सुल्तानपुर स्थित एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, राजस्व वसूली और स्कूल वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की गई। इसके बाद करीब 50 स्कूल वाहन स्वामियों और स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर उन्हें मोटरयान नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों और वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्कूल वाहनों के दस्तावेज पूरे करने के निर्देश
बैठक में आरटीओ सुश्री ऋतु सिंह ने मोटरयान नियमावली के 26वें संशोधन 2019 और 28वें संशोधन 2022 की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, पंजीयन, पीयूसी और परमिट जैसे जरूरी दस्तावेज तत्काल वैध कराए जाएं। जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर पूरा कर स्कूल यान परमिट के लिए आवेदन करने को कहा गया। डीआईओएस और बीएसए कार्यालय के प्रतिनिधियों ने भी स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी कि यदि वाहन नियमों का पालन नहीं करेंगे तो स्कूल का यूडीआईएस कोड बंद कराया जा सकता है और प्रशासनिक कार्रवाई भी हो सकती है।

434 नोटिस जारी, 174 वाहनों के पंजीयन निलंबित
अधिकारियों ने बताया कि बिना फिटनेस और परमिट वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। अब तक 434 नोटिस जारी किए जा चुके हैं और 174 वाहनों के पंजीयन निलंबित किए गए हैं। कुछ स्कूलों जैसे यश कॉन्वेंट, जीडी गोयनका, गोपाल कॉन्वेंट और सूर्या स्कूल ने जल्द सभी दस्तावेज पूरे करने का आश्वासन दिया। वहीं सेंट जेवियर्स और टैनी टाट्स स्कूल के दस्तावेज पूरे पाए जाने पर उनकी सराहना की गई। दूसरी ओर शेरवुड कॉलेज के वाहनों पर पहले कार्रवाई होने के बावजूद दस्तावेज अधूरे मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।

सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य
आरटीओ ने कहा कि सभी स्कूल वाहनों में पीला रंग, आपातकालीन द्वार, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, महिला परिचारिका और चालक का वैध लाइसेंस व चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से होना चाहिए। साथ ही सीट के नीचे सीएनजी टैंक न लगाने और वाहनों की स्थिति बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में अप्रैल माह की राजस्व वसूली 98 प्रतिशत से अधिक मिलने पर संतोष जताया गया, लेकिन डेटा क्लीनिंग और वाहन निरीक्षण में लापरवाही पर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यालय में अनाधिकृत लोगों के प्रवेश पर रोक, कर्मचारियों को पहचान पत्र पहनने और अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के आदेश भी दिए गए।

(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।