नोएडा की फैक्ट्री में भीषण आग, जान बचाने के लिए कर्मचारियों ने लगाई छलांग, कई घायल

नोएडा फेज-2 इलाके में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर 50 से अधिक मजदूर मौजूद थे, जिनमें से कई भागने की कोशिश में घायल हो गए। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई की।

Mar 12, 2026 - 08:49
 0
नोएडा की फैक्ट्री में भीषण आग, जान बचाने के लिए कर्मचारियों ने लगाई छलांग, कई घायल

नोएडा के गौतम बुद्ध नगर जिले में एक फैक्ट्री में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नोएडा फेज़ 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित एक फैक्ट्री की है, जहां बिजली मीटर बनाने का काम किया जाता है। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे फैक्ट्री की तीसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली। आग की खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय फैक्ट्री के अंदर कई कर्मचारी मौजूद थे।

फैक्ट्री में मौजूद थे 50 से ज्यादा कर्मचारी
आग लगने के समय फैक्ट्री में करीब 50 से अधिक कर्मचारी काम कर रहे थे। जैसे ही आग लगी, फैक्ट्री में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे, जबकि कुछ लोगों ने घबराकर ऊंचाई से नीचे छलांग लगा दी। इस वजह से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

दमकल की सात गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियों को बुलाया गया। पहले फैक्ट्री के अंदर फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे।

आग लगने का कारण अभी साफ नहीं
अधिकारियों के अनुसार इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि कुछ लोग घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

सीएफओ ने दी जानकारी
गौतमबुद्ध नगर के चीफ फायर अफसर प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग पर काबू पाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री के अंदर प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थ अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैल गई। एहतियात के तौर पर कई एंबुलेंस भी मौके पर तैनात की गई हैं और रेस्क्यू टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि अंदर कोई कर्मचारी फंसा न रह जाए।

आग की लपटों और धुएं से दहले लोग
फैक्ट्री से उठती तेज आग की लपटें और धुएं के गुबार देखकर आसपास के लोग भी घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग बुझाने में जुटी रही। बिल्डिंग के कई हिस्सों से धुआं निकलता दिखा, जिससे आग की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।