नाम बदला, ठिकाना बदला… लेकिन फिर भी पुलिस से नहीं बच पाया.. 21 साल बाद मुरादाबाद का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

मुरादाबाद में पुलिस ने 21 साल से फरार हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी संभल में सुल्तान नाम से फर्जी पहचान बनाकर रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। यश ऐप सत्यापन अभियान के दौरान यह बड़ी सफलता मिली।

Mar 29, 2026 - 11:23
 0
नाम बदला, ठिकाना बदला… लेकिन फिर भी पुलिस से नहीं बच पाया.. 21 साल बाद मुरादाबाद का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में चल रहे यश ऐप आधारित सत्यापन अभियान के दौरान 21 साल से फरार चल रहे शातिर हिस्ट्रीशीटर नरेश वाल्मीकि (56) को गिरफ्तार कर लिया गया। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने अपनी पहचान बदलकर संभल में सुल्तान नाम से नई जिंदगी शुरू कर रखी थी और फर्जी दस्तावेजों के सहारे लंबे समय तक पुलिस से बचता रहा।

नाम बदलकर नई जिंदगी जी रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, नरेश वाल्मीकि मूल रूप से हसनपुर गोपाल (फगवाड़ा क्षेत्र) का रहने वाला है। करीब दो दशक पहले उसके खिलाफ कई गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हुए थे, जिसके बाद वह फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना नाम बदल लिया और सुल्तान पुत्र जलालुद्दीन के नाम से संभल में रहने लगा। वह स्थानीय लोगों के बीच इस तरह घुलमिल गया था कि किसी को शक तक नहीं हुआ।

सत्यापन अभियान में मिली अहम जानकारी
पाकबड़ा थाना पुलिस इन दिनों संदिग्ध लोगों का सत्यापन अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से एक संदिग्ध व्यक्ति की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने डूंगरपुर रोड पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। शुरू में उसने खुद को सुल्तान बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी असली पहचान सामने आ गई।

फर्जी दस्तावेजों का जाल हुआ बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज मिले। इनमें दो आधार कार्ड, तीन वोटर आईडी, एक पैन कार्ड, ई-श्रम कार्ड, प्रथमा बैंक का स्मार्ट कार्ड और एक लेटरहेड शामिल हैं। सभी दस्तावेज सुल्तान नाम से बनाए गए थे। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जिसमें कई अहम जानकारियां मिली हैं।

कई अपराधों में रहा शामिल, पहचान छिपाकर करता रहा काम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था और इसी नाम से आपराधिक गतिविधियां भी करता रहा। उसके खिलाफ लूट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना घर छोड़ दिया था और संभल में नई पहचान के साथ रह रहा था।

पुलिस ने बताया बड़ी सफलता, जांच जारी
मुरादाबाद पुलिस ने इस गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि बताया है। अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से इस हिस्ट्रीशीटर की तलाश की जा रही थी। यश ऐप के जरिए चलाए जा रहे सत्यापन अभियान में उसकी पहचान संभव हो पाई। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।