सिर्फ 300 रुपये के लिए हुआ खूनी खेल! टायर पंचर के पैसे मांगने पर चाकू से हमला, बीच-बचाव करने आए शख्स की मौत
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 300 रुपये के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। टायर पंचर के पैसे मांगने पर ट्रक चालक ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आए इस्तेखार आलम की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र के डींगरपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 300 रुपये के मजदूरी भुगतान को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। बताया जा रहा है कि एक ट्रक चालक और टायर पंचर बनाने वाले कारीगर के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्साए चालक ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। इस हमले में बीच-बचाव करने आए दुकानदार के बहनोई इस्तेखार आलम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है।
300 रुपये को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले मुशर्रफ डींगरपुर गांव में टायर रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। मंगलवार रात एक ट्रक चालक अपनी गाड़ी का टायर ठीक कराने उनकी दुकान पर पहुंचा था। काम पूरा होने के बाद जब मुशर्रफ ने अपनी मेहनत के 300 रुपये मांगे, तो चालक पैसे देने में आनाकानी करने लगा। धीरे-धीरे दोनों के बीच बहस बढ़ गई। मामला बिगड़ता देख मुशर्रफ ने मदद के लिए अपने बहनोई इस्तेखार आलम को बुलाया। इस्तेखार ने चालक को मेहनताना देने की बात कही और उसकी बदतमीजी का विरोध किया। इसी बात पर चालक का गुस्सा और बढ़ गया।
ट्रक से चाकू निकालकर किया हमला
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी चालक अपने ट्रक से धारदार चाकू निकाल लाया। इसके बाद उसने इस्तेखार आलम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के कई वार लगने से इस्तेखार मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल इस्तेखार को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हत्या की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच में आरोपी चालक की पहचान रामपुर निवासी करीम के रूप में हुई है। हाथापाई के दौरान आरोपी भी घायल हुआ है और फिलहाल एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
