महाकुंभ में वायरल हुई मोनालिसा की शादी पर विवाद, कई संगठनों ने जताया विरोध

प्रयागराज महाकुंभ के दौरान सुर्खियों में छाई मोनालिसा ने केरल के एक मंदिर में फरमान खान से शादी कर ली। इस शादी ने विवाद को जन्म दिया है और धार्मिक नेताओं और परिवारों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

Mar 14, 2026 - 14:07
 0
महाकुंभ में वायरल हुई मोनालिसा की शादी पर विवाद, कई संगठनों ने जताया विरोध

प्रयागराज महाकुंभ के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं। इस बार वजह उनकी शादी है। बताया जा रहा है कि मोनालिसा ने बागपत के रहने वाले फरमान खान से केरल के एक मंदिर में शादी कर ली है। इस शादी के बाद सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई है। केवल दोनों परिवार ही नहीं, बल्कि समाज के कुछ वर्गों ने भी इस शादी पर आपत्ति जताई है। इसी मामले में मुजफ्फरनगर के धार्मिक नेता स्वामी यशवीर महाराज ने भी कड़ा विरोध दर्ज कराया है और कई सवाल उठाए हैं।

स्वामी यशवीर महाराज ने जताया विरोध
स्वामी यशवीर महाराज ने इस शादी पर गंभीर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह शादी झूठ भी हो सकती है। उन्होंने इस मामले को “लव जिहाद” करार दिया और कहा कि मोनालिसा ने दूसरे धर्म के युवक से शादी करके सनातन धर्म के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंदू समाज उस युवक को उत्तर प्रदेश की सीमा में घुसने नहीं देगा। साथ ही उन्होंने केरल के उस मंदिर के पुजारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की जिसने मोनालिसा और फरमान खान की शादी करवाई। उनका कहना था कि ऐसे मामलों में मंदिर प्रशासन की भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

मंदिर के पुजारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
स्वामी यशवीर महाराज ने यह भी कहा कि जिस मंदिर में शादी करवाई गई, वहां के पुजारी के खिलाफ भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि मंदिर में एक मुस्लिम युवक को कैसे प्रवेश दिया गया और उसकी शादी कैसे कराई गई। उन्होंने यह भी कहा कि मोनालिसा के परिवार को इस शादी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उनके अनुसार इस मामले में सनातन धर्म के लोग मोनालिसा के परिवार के साथ खड़े हैं।

छह महीने की डेटिंग के बाद की शादी
जानकारी के अनुसार महाकुंभ में वायरल होने के बाद मोनालिसा को फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का मौका मिला और वह बॉलीवुड में काम करने के लिए चली गईं। इसी दौरान एक स्टूडियो में उनकी मुलाकात फरमान खान से हुई। बताया जा रहा है कि फरमान खान भी फिल्मों में छोटे-मोटे रोल कर चुका है। दोनों के बीच दोस्ती हुई और करीब छह महीने तक डेटिंग करने के बाद उन्होंने केरल के एक मंदिर में शादी कर ली। खबर है कि अब दोनों केरल में ही बसने की योजना बना रहे हैं।

पुलिस सुरक्षा में हुई शादी
मोनालिसा की शादी की खबर जब उनके इंदौर स्थित परिवार को मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। परिवार के लोग केरल पहुंच गए और शादी रोकने की कोशिश की। इसके बाद मोनालिसा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की। बताया जा रहा है कि केरल पुलिस की सुरक्षा में एक मंदिर में पुजारी ने मोनालिसा और फरमान खान की शादी संपन्न करवाई।

फरमान खान के परिवार ने भी जताई नाराजगी
इस शादी से फरमान खान के परिवार वाले भी खुश नहीं हैं। बागपत के पलड़ा गांव में रहने वाले उनके पिता जाफर अली ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि फरमान ने उन्हें इस शादी के बारे में कुछ नहीं बताया और उन्हें दूसरों से इसकी जानकारी मिली। जाफर अली का कहना है कि दूसरे धर्म की लड़की से शादी करके फरमान ने उन्हें बिरादरी में बैठने लायक नहीं छोड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर फरमान पहले बता देता तो वे बिरादरी की किसी लड़की से उसकी शादी धूमधाम से करवा देते। अब उन्होंने साफ कहा है कि उनका बेटे से कोई संबंध नहीं है और वे मोनालिसा को बहू के रूप में स्वीकार नहीं करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।