लखनऊ के बंथरा में दर्दनाक घटना: एक ही परिवार ने खाया जहर, मां-बेटे की मौत, पिता गंभीर
लखनऊ के बंथरा में एक चौंकाने वाली घटना घटी, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने जहर खा लिया, मां और बेटे की मौत हो गई, पिता की हालत गंभीर है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र स्थित नींवा गांव में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
परिवार के तीनों सदस्य मिले बेसुध हालत में
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय रूपनारायण अपनी 52 वर्षीय पत्नी तारावती और 30 वर्षीय बेटे संदीप के साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि तीनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब छोटे बेटे कुलदीप घर पहुंचे। उन्होंने देखा कि पिता उल्टियां कर रहे थे, जबकि मां और बड़ा भाई बेसुध पड़े थे। तीनों के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहरीला पदार्थ खाने की आशंका हुई।
अस्पताल पहुंचाने पर मां-बेटे को मृत घोषित किया गया
घटना देखकर कुलदीप के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तारावती और संदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि रूपनारायण की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
सुसाइड नोट मिलने से बढ़ी जांच की दिशा
पुलिस को मृतक संदीप की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है। हालांकि, इस घटना के पीछे की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। बंथरा थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच जारी है।
कर्ज और तनाव की बात आई सामने
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के अनुसार, परिवार होटल के छोटे व्यवसाय से जुड़ा था। रूपनारायण गांव के बाहर चाय-समोसा का होटल चलाते थे, जिससे परिवार का खर्च चलता था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वे पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थे। परिवार पर बैंक का कर्ज भी था, जिसे चुकाने में दिक्कत हो रही थी। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले बैंक का नोटिस भी चस्पा किया गया था।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
