‘कोटा फैक्ट्री’ के बालमुकुंद मीना की असली कहानी: IIT छोड़कर एक्टिंग में बनाया करियर
कोटा फैक्ट्री के अभिनेता रंजन राज की प्रेरणादायक कहानी जानिए, जिन्होंने अभिनय के प्रति अपने जुनून को पूरा करने के लिए आईआईटी बॉम्बे छोड़ दिया और फिल्मों और वेब सीरीज में अपना नाम कमाया।
अगर आप ओटीटी की दुनिया से थोड़ा भी परिचित हैं तो आपने कोटा फैक्ट्री जरूर देखा होगा। शानदार आईएमडीबी रेटिंग वाला यह शो युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। इस सीरीज के कई किरदार दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुके हैं। इनमें बालमुकुंद मीना का किरदार भी शामिल है, जिसे अभिनेता रंजन राज ने निभाया है। चश्मा लगाए, मासूम चेहरा और गंभीर बातों वाला यह किरदार उन छात्रों की कहानी दिखाता है जो अपने सपनों के लिए संघर्ष करते हैं। दिलचस्प बात यह है कि पर्दे पर IIT की तैयारी करने वाले छात्र का रोल निभाने वाले रंजन राज असल जिंदगी में भी उसी रास्ते पर चल चुके हैं। बिहार से निकलकर मुंबई तक पहुंचने का उनका सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
बिहार के अरवल से शुरू हुआ सफर
रंजन राज का जन्म 18 मई 1994 को बिहार के अरवल जिले में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। बचपन से ही वह पढ़ाई में काफी तेज थे और उनका सपना इंजीनियर बनकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना था। इसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने पटना के एक कोचिंग संस्थान में दाखिला लिया। दो साल की कड़ी मेहनत और लगातार पढ़ाई के बाद उन्होंने देश की कठिन परीक्षाओं में से एक (JEE) को पास कर लिया। इसके बाद उन्हें देश के प्रतिष्ठित संस्थान भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बॉम्बे में दाखिला मिल गया। यह उनके और उनके परिवार के लिए गर्व का पल था।
IIT में मिला अभिनय का नया रास्ता
जब रंजन आईआईटी बॉम्बे के कैंपस पहुंचे तो उन्हें वहां का माहौल काफी अलग लगा। यहां पढ़ाई के साथ-साथ कला और संस्कृति को भी काफी महत्व दिया जाता था। पवई स्थित कैंपस में थिएटर ग्रुप और नाटकों में हिस्सा लेते-लेते रंजन को महसूस हुआ कि उनका असली जुनून अभिनय है। धीरे-धीरे एक्टिंग के प्रति उनका लगाव इतना बढ़ गया कि छठे सेमेस्टर तक आते-आते उन्होंने एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ दी और अपने सपने को पूरा करने के लिए एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया। यह फैसला किसी भी मध्यमवर्गीय छात्र के लिए आसान नहीं था, लेकिन रंजन ने अपने दिल की बात सुनी।
फिल्मों और वेब सीरीज में बनाई पहचान
रंजन राज ने अपने करियर की शुरुआत छोटे-छोटे किरदारों से की। उन्होंने टीवीएफ की वेब सीरीज टीवीएफ पिचर में एक जूनियर आर्टिस्ट के रूप में काम किया। साल 2014 में शॉर्ट फिल्म “इंटरवल 3डी” से उनके करियर की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्हें 2016 में रुस्तम फिल्म में काम करने का मौका मिला, जिसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में थे। इसके बाद रंजन ने कई फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया। उन्होंनेछिछोरे, बाला, हेलमेट, कठल और ड्रीम गर्ल 2 जैसी फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इसके अलावा हॉस्टल डेज़ और कैंपस डायरीज़ जैसी वेब सीरीज के जरिए उन्होंने युवाओं के बीच खास पहचान बनाई। आज रंजन राज को इंडस्ट्री में छह साल से ज्यादा समय हो चुका है। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी खासी फैन फॉलोइंग है। अपनी सादगी और विनम्र स्वभाव की वजह से वह लोगों के बीच एक लोकप्रिय अभिनेता बन चुके हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
