कौशांबी में SDM का सख्त एक्शन: कैंप लगाकर 5 भूमि विवादों का मौके पर निपटारा, अवैध कब्जे हटे
एसडीएम सिराथु ने पुलिस और राजस्व टीम के साथ विशेष अभियान के तहत कौशांबी में 5 भूमि विवादों का मौके पर ही समाधान किया।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में प्रशासन द्वारा भूमि विवादों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में “टॉप 10 भूमि विवादों का मौके पर समाधान” अभियान के तहत ग्राम हिसामपुर बहरेमऊ में एक विशेष कैंप आयोजित किया गया। इस कैंप का नेतृत्व उप जिलाधिकारी सिराथू योगेश कुमार गौड़ ने किया। कैंप में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने भाग लिया और मौके पर ही कुल 5 भूमि विवादों का निस्तारण कराया गया। इस पहल से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
कैंप में हुआ त्वरित समाधान
इस विशेष कैंप में गांव के लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। राजस्व और पुलिस की टीम ने मिलकर कुल 5 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया। प्रशासन का उद्देश्य था कि लोगों को कोर्ट-कचहरी के चक्कर न लगाने पड़ें और गांव में ही विवादों का निपटारा हो सके।
अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान गाटा संख्या 26 और 27, जो खतौनी में नवीन परती के रूप में दर्ज हैं, पर अवैध कब्जा पाया गया। वहां छप्पर डालकर और जानवर बांधकर कब्जा किया गया था। अधिकारियों ने मौके पर ही जमीन का चिन्हांकन कराया और अतिक्रमण हटवाकर जमीन को मुक्त कराया। इसी तरह गाटा संख्या 608 पर भी अवैध कब्जा पाया गया, जिसे तुरंत हटवा दिया गया।
बटवारे के आदेश का कराया पालन
गांव के निवासी रामबदन के मामले में भी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। उनके बटवारे का आदेश पहले से था, जिसे राजस्व और पुलिस टीम ने मौके पर जाकर लागू कराया। इस प्रक्रिया के तहत उन्हें उनका हक दिलाया गया।
ग्रामीणों को दी गई जागरूकता
उप जिलाधिकारी योगेश कुमार गौड़ ने ग्रामीणों को भूमि विवाद से बचने के उपाय भी बताए। उन्होंने समझाया कि विवाद होने पर कोर्ट के माध्यम से सही प्रक्रिया अपनानी चाहिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि भविष्य में भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता से लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
(रिपोर्टः राम किशन, कौशांबी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
