कौशांबी में 24 घंटे में डबल मर्डर… बेटों ने पिता को काटा, पूर्व प्रधान को गोलियों से भूना
कौशांबी में 24 घंटे के अंदर दो हत्याओं से सनसनी फैल गई। एक मामले में बेटों ने पिता की हत्या कर दी, जबकि दूसरे में पूर्व प्रधान को गोली मार दी गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 24 घंटे के अंदर दो हत्याओं की घटनाओं ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। सुबह एक पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि शाम होते-होते एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जहां बेटों ने ही अपने पिता को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। इन घटनाओं के बाद जिले में दहशत का माहौल है और पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
प्रॉपर्टी विवाद में बेटों ने पिता की ली जान
महेवा घाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में देर शाम 55 वर्षीय नाथन सरोज की उनके ही बेटों ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक की दो पत्नियां थीं और उसने अपनी साली को भी अपने साथ रख लिया था। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रॉपर्टी को लेकर भी तनाव था। गुस्से में आकर दोनों बेटों ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसपी राजेश कुमार और एएसपी राजेश कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। फिलहाल आरोपी बेटे फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या
इसी दिन पिपरी थाना क्षेत्र के औधन गांव में पूर्व प्रधान बादाम सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वह वर्ष 2010 से 2015 तक गांव के प्रधान रह चुके थे।
गौशाला में ठहरे थे, तभी हुआ हमला
बताया जा रहा है कि बादाम सिंह इन दिनों गांव के बाहर एक गौशाला का निर्माण करा रहे थे। वह अपने साथी बुधराम के साथ वहीं ठहरे हुए थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी बुधराम को मामूली चोटें आईं।
पुलिस जांच में जुटी, पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल बुधराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में भय का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
