कौशांबी में भीषण हादसा: डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार
कौशांबी में एक बाइक की डंपर से टक्कर होने के बाद 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक मौके से फरार हो गया।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कोखराज थाना क्षेत्र के अस्वां गांव के पास बाइक और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक करीब 15 फीट दूर जाकर गिरा। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने मारी टक्कर
मृतक की पहचान लव सिंह (35) पुत्र स्वर्गीय हरि प्रसाद के रूप में हुई है, जो कोखराज थाना क्षेत्र के भरवारी नगर पालिका के प्रसार गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार शाम करीब 6 बजे अपनी बाइक से चरवा किसी काम से जा रहा था। जैसे ही वह अस्वां गांव के पास पहुंचा, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद 15 फीट दूर जा गिरा युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही बाइक सवार करीब 15 फीट दूर जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसकी बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची कोखराज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इस घटना से काफी दुखी हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
(रिपोर्टः राम किशन, कौशांबी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
