HDFC बैंक में बड़ा झटका: चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती का इस्तीफा, शेयर बाजार में मचा हड़कंप
एचडीएफसी बैंक के अध्यक्ष अतानु चक्रवर्ती ने नैतिक चिंताओं का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया, शेयरों में भारी गिरावट आई, आरबीआई ने अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया।
भारत के सबसे बड़े निजी बैंकों में शामिल HDFC Bank से एक बड़ी खबर सामने आई है। बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने बुधवार देर रात अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया। उनके इस फैसले ने बैंकिंग जगत में हलचल मचा दी है। उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह बैंक के कामकाज के तरीके और अपनी व्यक्तिगत नैतिकता के बीच टकराव को बताया है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
इस्तीफे में बताई नैतिकता से जुड़ी वजह
स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी में चक्रवर्ती ने कहा कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने बैंक के अंदर कुछ ऐसी प्रथाएं देखीं, जो उनके व्यक्तिगत मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थीं। यही कारण उनके इस्तीफे की मुख्य वजह बना। उन्होंने यह भी साफ किया कि इसके अलावा इस्तीफे के पीछे कोई और कारण नहीं है।
अंतरिम चेयरमैन की नियुक्ति
इस्तीफे के बाद भारतीय रिजर्व बैंक ने तुरंत कदम उठाते हुए केकी मिस्त्री को तीन महीने के लिए अंतरिम अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। अब वे अस्थायी तौर पर बैंक की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अंदरूनी मतभेद की चर्चा तेज
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से चेयरमैन और सीनियर मैनेजमेंट के बीच कई मुद्दों पर मतभेद चल रहे थे। हालांकि, यह बातें पहले कभी सार्वजनिक नहीं हुईं। अपने इस्तीफे में चक्रवर्ती ने जूनियर और मिड-लेवल कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बैंक का भविष्य बताया।
बैंक ने दी सफाई
इस्तीफे के बाद HDFC बैंक ने भी अपना पक्ष रखा। बैंक ने कहा कि चक्रवर्ती ने 18 मार्च 2026 से पद छोड़ा और उनके इस्तीफे के पीछे वही कारण हैं जो उन्होंने अपने पत्र में बताए हैं। इसके अलावा कोई अन्य वजह नहीं है।
शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
इस घटनाक्रम का असर सीधे शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। बुधवार को बैंक का शेयर 842.95 रुपये पर बंद हुआ था, लेकिन गुरुवार को करीब 8 प्रतिशत गिरकर 776 रुपये पर खुला। बाजार खुलने के आधे घंटे के भीतर यह 772 रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, सुबह करीब 10 बजे यह कुछ संभलकर 801.50 रुपये पर कारोबार करता दिखा, जो फिर भी लगभग 5 प्रतिशत की गिरावट थी।
निवेशकों के लिए चिंता का विषय
अचानक हुए इस इस्तीफे और शेयर में गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। आने वाले समय में बैंक की रणनीति और नेतृत्व पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
