राहुल से तय हुआ रिश्ता, मंडप पर आया देवेंद्र… अधिवक्ता दुल्हन ने जयमाला से पहले तोड़ी शादी, फिर पहुंचाया जेल
Uttar Pradesh News: हरदोई के शाहाबाद में शादी के मंडप में बड़ा खुलासा हुआ, जब अधिवक्ता युवती ने दूल्हे को पहचानने से इनकार कर दिया। युवती का आरोप है कि खुद को सेना में तैनात राहुल मिश्रा बताने वाला युवक असल में कोई और निकला। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद कस्बे से वैवाहिक धोखाधड़ी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रहने वाली अधिवक्ता युवती कुमारी प्रिया बाजपेयी ने शादी के मंडप में ही दूल्हे को पहचानने से इनकार कर दिया और शादी तोड़ दी। युवती का आरोप है कि जिस युवक से उसकी मोबाइल और व्हाट्सऐप पर बातचीत होती थी, वह खुद को राहुल मिश्रा बताता था और भोपाल में भारतीय सेना में तैनात होने का दावा करता था। लेकिन जब बारात पहुंची तो दूल्हे की पहचान पूरी तरह अलग निकली। इस खुलासे के बाद शादी समारोह में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
दूल्हे की पहचान पर हुआ बड़ा खुलासा
पीड़िता के अनुसार शादी का रिश्ता राहुल मिश्रा नाम के युवक से तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद विवाह की सहमति बनी थी। बीती रात बारात शाहाबाद पहुंची और शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन जयमाल से पहले युवती को दूल्हे पर शक हुआ। जब उसने दूल्हे से पूछताछ की तो युवक ने अपना नाम देवेंद्र सिंह परिहार बताया। इसके बाद युवती और उसके परिवार के लोग हैरान रह गए। बारात में शामिल अन्य लोग भी युवक की सही पहचान और पृष्ठभूमि को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके।
मानव तस्करी गिरोह होने की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और लड़की पक्ष के लोगों में नाराजगी फैल गई। युवती ने आशंका जताई कि यह कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर मानव तस्करी जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। युवती ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दूल्हे समेत कई संदिग्ध बारातियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। देर रात तक शादी स्थल पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने छह आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने इस मामले में देवेंद्र सिंह परमार, मंगलदीन, रामौतार बाजपेई, मुकेश सेन, शरीफ और मुलायम यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सभी आरोपी मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों को शक है कि यह मामला केवल पहचान छिपाकर शादी करने का नहीं बल्कि किसी बड़े नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
