ग्रेटर नोएडा में नवजात बच्ची बेचने का मामला उजागर, अस्पताल संचालक समेत तीन गिरफ्तार
पुलिस ने ग्रेटर नोएडा में नवजात शिशुओं की बिक्री करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। अस्पताल के मालिक और दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है, मानव तस्करी के पहलू की जांच जारी है।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में नवजात बच्ची की खरीद-फरोख्त का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए अस्पताल की मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि बच्ची को 2 लाख 60 हजार रुपये में बेचने की तैयारी की गई थी। चाइल्ड हेल्पलाइन से मिली सूचना के बाद पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई कर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया। फिलहाल बच्ची को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस ने इस मामले में दिल्ली निवासी यशिका गर्ग (33), बुलंदशहर के गजेंद्र सिंह (35) और रंजीत सिंह (24) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इनके खिलाफ मानव तस्करी और जेजे एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
चाइल्ड हेल्पलाइन से मिली थी सूचना
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी के अनुसार, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली थी कि एक महिला नवजात बच्ची को गोद देने के नाम पर बेचने की कोशिश कर रही है। इसके बाद पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने मिलकर कार्रवाई की और मामले का खुलासा किया।
अस्पताल में जन्म के बाद रची गई साजिश
जांच में सामने आया कि करीब पांच दिन पहले एक महिला ने आरोपी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। महिला आर्थिक तंगी के कारण बच्ची को किसी अच्छे परिवार को देने की बात कर रही थी। इसी का फायदा उठाकर अस्पताल की मालिक यशिका गर्ग ने बच्ची को बेचने की योजना बनाई। अस्पताल का बिल भी पूरा नहीं भरा गया था, जिसे इस सौदे से वसूलने की कोशिश की जा रही थी।
स्टाफ की मिलीभगत से तय हुई डील
इस मामले में अस्पताल स्टाफ की भी भूमिका सामने आई है। नर्स पुष्पा ने सोसायटी में बच्ची को गोद देने की बात फैलाई। उसके पति ने खरीदार से संपर्क कर सौदा तय किया। यशिका गर्ग ने गजेंद्र और रंजीत को बच्ची सौंपकर पैसे लेने भेजा था। पुलिस ने पतवाड़ी गांव के एक मकान से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बच्ची सुरक्षित, आगे की जांच जारी
पुलिस ने नवजात बच्ची को सुरक्षित बरामद कर सेक्टर-12/22 स्थित साई कृपा शिशु गृह भेज दिया है। फिलहाल नर्स और बच्ची के माता-पिता की तलाश की जा रही है। पुलिस इस मामले को मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क से जोड़कर भी जांच कर रही है और आगे और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
