फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

फतेहपुर में एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और कार्रवाई एवं सुरक्षा उपायों की मांग करते हुए सड़क जाम कर दी।

May 1, 2026 - 12:30
 0
फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। असोथर थाना क्षेत्र के रामनगर कौहन स्थित यमुना नदी पुल पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

बाइक सवार तीनों युवक बांदा जा रहे थे
जानकारी के अनुसार, जरौली गांव निवासी शिवम सिंह (18), शनी निषाद (22) और बसंता (20) बाइक से बांदा जिले के मर्का बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे रामनगर कौहन स्थित यमुना पुल पर पहुंचे, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक/डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिवम और शनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बसंता गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल की हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल बसंता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना से पीड़ित परिवारों में शोक की लहर है।

नई शादी के बाद टूटा परिवार
मृतक शनी निषाद की शादी 21 अप्रैल 2026 को हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। गांव में मातम के साथ-साथ गुस्से का माहौल भी है।

ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर लगाया जाम
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों शवों को जरौली मार्ग स्थित चुनहा कुआं के पास सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण जिला प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक जाम और प्रदर्शन जारी था।

खराब सड़क और अंधेरा बना हादसे की वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि यमुना पुल पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइट नहीं है और सड़क भी जर्जर हालत में है। अंधेरा, गड्ढे और तेज रफ्तार वाहन लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने इन्हीं समस्याओं को दुर्घटना की मुख्य वजह बताया है।

पुलिस मौके पर तैनात, हालात काबू में करने की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा क्षेत्राधिकारी वीर सिंह और एडिशनल एसपी ज्ञान चंद्र रॉय समेत कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही। एहतियात के तौर पर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी है, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह, फतेहपुर)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।