श्मशान की ताजा मिट्टी ने खोल दिया डबल मर्डर का राज… एक हफ्ते से लापता पति-पत्नी के शव बोरियों में मिले दफन
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पति-पत्नी की हत्या कर उनके शवों को बोरियों में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया। एक सप्ताह बाद ग्रामीणों को श्मशान में ताजा मिट्टी दिखी तो शक हुआ। पुलिस जांच में डबल मर्डर का खुलासा हुआ और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बेहद सनसनीखेज डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां पुरानी रंजिश के कारण एक पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने वारदात को छिपाने के लिए दोनों शवों को बोरियों में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया। घटना का खुलासा करीब एक सप्ताह बाद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुरानी दुश्मनी बनी हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गरीबा गांव निवासी राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि 6 जून 2026 को गांव के ही लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम ने पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी पर हमला किया था। आरोप है कि दोनों को डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की और दोनों शवों को बोरियों में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके।
ताजा मिट्टी देखकर ग्रामीणों को हुआ शक
मामले का खुलासा तब हुआ जब गांव में एक अन्य व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें दो जगहों पर ताजा मिट्टी दिखाई दी। यह देखकर लोगों को शक हुआ क्योंकि हाल के दिनों में गांव में किसी अन्य व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई थी। इसी दौरान ग्रामीणों को याद आया कि राजाराम नेताम और उनकी पत्नी पिछले एक सप्ताह से लापता हैं। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी शोभा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
खुदाई में सामने आया खौफनाक सच
पुलिस ने श्मशान घाट में खुदाई कराई तो वहां से दो शव बरामद हुए। जांच के दौरान दोनों शवों की पहचान राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में भय व चर्चा का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
