मिडिल ईस्ट में CBSE की 12वीं बोर्ड परीक्षाएं रद्द, युद्ध जैसे हालात के कारण लिया गया बड़ा फैसला
ईरान, इज़राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध तनाव के कारण सीबीएसई ने मध्य पूर्व के कई देशों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में होने वाली 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने रविवार को जारी एक सर्कुलर में बताया कि 16 मार्च से 10 अप्रैल के बीच होने वाली सभी 12वीं बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इससे पहले जिन परीक्षाओं को टाल दिया गया था, उन्हें भी अब पूरी तरह कैंसिल कर दिया गया है। यह फैसला क्षेत्र में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात को देखते हुए लिया गया है। बोर्ड का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है, इसलिए मौजूदा परिस्थितियों में परीक्षाएं आयोजित करना संभव नहीं है।
इन देशों में लागू होगा फैसला
CBSE के सर्कुलर के अनुसार यह फैसला मिडिल ईस्ट के कई देशों पर लागू होगा। इनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। बोर्ड ने बताया कि 1, 3, 5, 7 और 9 मार्च को जारी किए गए सर्कुलर में जिन परीक्षाओं को पहले स्थगित किया गया था, उन्हें भी अब रद्द कर दिया गया है। यानी इन देशों में पढ़ने वाले छात्रों को अब किसी भी विषय की बोर्ड परीक्षा नहीं देनी होगी।
रिजल्ट को लेकर बाद में होगा फैसला
CBSE ने अपने सर्कुलर में यह भी कहा है कि इन देशों में पढ़ने वाले 12वीं के छात्रों का रिजल्ट किस आधार पर घोषित किया जाएगा, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। बोर्ड ने साफ किया है कि छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए उचित समय पर एक अलग नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इस फैसले से मिडिल ईस्ट में पढ़ रहे हजारों भारतीय छात्रों और उनके अभिभावकों को राहत भी मिली है, क्योंकि मौजूदा हालात में परीक्षा देना काफी मुश्किल हो सकता था।
मिडिल ईस्ट में तनावपूर्ण हालात
मिडिल ईस्ट के कई देशों में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते हैं और वहां CBSE से मान्यता प्राप्त कई स्कूल भी संचालित होते हैं। इन स्कूलों में हजारों भारतीय छात्रों की पढ़ाई चल रही है। फिलहाल इस पूरे क्षेत्र में हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं। United States और Israel के साथ Iran के बीच चल रहे संघर्ष के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। ईरान के Tehran और Isfahan जैसे शहरों में बमबारी की खबरें सामने आई हैं। वहीं सऊदी अरब में ड्रोन हमलों की घटनाएं भी हुई हैं। इसी तरह Dubai और Abu Dhabi को भी निशाना बनाए जाने की खबरें सामने आई हैं। इन्हीं हालात को देखते हुए CBSE ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह बड़ा फैसला लिया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
