वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड, श्रेयस अय्यर ने भी की धमाकेदार वापसी, वर्ल्ड कप जिताने वाले सूर्या टीम से हुए बाहर
15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। टीम इंडिया में सबसे कम उम्र में चयन के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर और शेफाली वर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं टी-20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर हो गए हैं और श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई है।
भारतीय क्रिकेट में शनिवार का दिन कई बड़े बदलावों का गवाह बना। एक तरफ महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रचते हुए टीम इंडिया में जगह बना ली, तो दूसरी तरफ टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव टीम से बाहर हो गए। चयनकर्ताओं के इस फैसले ने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट अब भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
15 साल की उम्र में वैभव ने बनाया रिकॉर्ड
बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। 15 साल और 71 दिन की उम्र में राष्ट्रीय टीम के लिए चुने जाने वाले वह भारत के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा के नाम था, जिनका चयन 15 साल 220 दिन की उम्र में हुआ था। पुरुष क्रिकेट में यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज था। सचिन जब पहली बार भारतीय टीम में चुने गए थे, तब उनकी उम्र 16 साल 194 दिन थी। वैभव ने दोनों दिग्गजों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
आईपीएल ने बनाया स्टार, अब टीम इंडिया तक पहुंचा सफर
कुछ महीने पहले तक वैभव घरेलू क्रिकेट के उभरते हुए चेहरे थे, लेकिन आईपीएल 2026 ने उनकी जिंदगी बदल दी। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इतना ही नहीं, मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द ईयर, सुपर स्ट्राइकर और सबसे ज्यादा छक्के लगाने का अवॉर्ड भी उनके खाते में गया। वैभव ने 36 गेंदों में शतक लगाकर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। यही प्रदर्शन उन्हें सीधे टीम इंडिया के दरवाजे तक ले आया।
अब सचिन और शेफाली का एक और रिकॉर्ड खतरे में
टीम में चयन के साथ ही वैभव के सामने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि खड़ी है। अगर उन्हें इंग्लैंड, आयरलैंड दौरे या एशियन गेम्स में एक भी मैच खेलने का मौका मिल जाता है, तो वे भारत के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड शेफाली वर्मा और सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है, लेकिन वैभव के पास दोनों को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है।
श्रेयस अय्यर की धमाकेदार वापसी, सीधे कप्तानी की जिम्मेदारी
लगभग ढाई साल तक टी-20 टीम से बाहर रहने के बाद श्रेयस अय्यर की वापसी हुई है और वापसी भी ऐसी कि उन्हें सीधे कप्तानी सौंप दी गई। चयनकर्ताओं ने श्रेयस पर भरोसा जताते हुए उन्हें टी-20 टीम का नया कप्तान बनाया है, जबकि तिलक वर्मा को उपकप्तान की जिम्मेदारी मिली है। श्रेयस ने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 498 रन बनाए और पूरे सीजन में अपनी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे।
आखिर क्यों छिनी सूर्यकुमार यादव की कप्तानी?
सबसे ज्यादा चर्चा जिस फैसले की हो रही है, वह सूर्यकुमार यादव को लेकर है। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 और एशिया कप जिताने वाले कप्तान को न सिर्फ कप्तानी से हटाया गया, बल्कि टीम में भी जगह नहीं मिली। हालांकि इसका सबसे बड़ा कारण उनका खराब फॉर्म माना जा रहा है। आईपीएल 2026 में सूर्यकुमार सिर्फ 270 रन बना सके और पूरे सीजन में संघर्ष करते नजर आए। टी-20 वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
कप्तान के तौर पर शानदार रहा सूर्या का रिकॉर्ड
दिलचस्प बात यह है कि कप्तानी के मामले में सूर्यकुमार का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने 52 में से 42 टी-20 मुकाबले जीते। जीत का प्रतिशत 80.76 रहा। इसी दौरान भारत ने एशिया कप और टी-20 वर्ल्ड कप दोनों ट्रॉफियां अपने नाम कीं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया और नई दिशा में कदम बढ़ा दिया।
विराट की चोट ने यशस्वी के लिए खोला रास्ता
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए चुनी गई टीम में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिला। हैमस्ट्रिंग चोट के कारण विराट कोहली सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को मौका दिया गया है। यशस्वी के लिए यह खुद को वनडे टीम में स्थायी जगह दिलाने का बड़ा अवसर माना जा रहा है।
इंग्लैंड-आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी-20 टीम
श्रेयस अय्यर(कप्तान), तिलक वर्मा(उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर(कप्तान), तिलक वर्मा(उपकप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
