मायके जाने की जिद पर अड़ी पत्नी तो पति ने काट दी नाक, बेटी का दर्द देख मां ने ससुराल में लिया बदला, काटी दामाद के बहन की नाक
लखीमपुर खीरी में पति-पत्नी के विवाद ने ऐसा मोड़ लिया कि पहले पति ने पत्नी की नाक काट दी और फिर बेटी की हालत देखकर पहुंची मां ने दामाद की बहन की नाक काट दी। दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दी है
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी की नाक काट दी। बेटी की हालत देखकर गुस्से में पहुंची मां ने भी आपा खो दिया और बदला लेने के लिए दामाद की 18 वर्षीय बहन की नाक दांतों से काट दी। देखते ही देखते एक ही परिवार के दो सदस्य खून से लथपथ हो गए। मामला जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर पडुआ इलाके का है। घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों परिवारों को शांत कराया। फिलहाल दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुस्से में पति ने काट दी पत्नी की नाक
जानकारी के मुताबिक, रामलखन कश्यप के बड़े बेटे श्रवण कश्यप की शादी करीब 4 साल पहले चचरापुरवा गांव निवासी बनवारी लाल की बेटी प्रीति से हुई थी। दोनों के बीच अभी कोई संतान नहीं है। श्रवण खेती-किसानी करता है। बताया जा रहा है कि प्रीति की चचेरी बहन की शादी थी। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह मायके जाना चाहती थी, लेकिन पति श्रवण उसे भेजने के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर शनिवार को दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। परिवार के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में श्रवण ने पत्नी के साथ मारपीट की और फिर दांतों से उसकी नाक काट दी। अचानक हुई इस घटना से प्रीति गंभीर रूप से घायल हो गई।
बेटी की हालत देख भड़की मां, ससुराल पहुंचते ही बिगड़ी बात
नाक कटने के बाद प्रीति ने तुरंत मायके फोन कर घटना की जानकारी दी। बेटी की हालत सुनकर पिता बनवारी लाल, मां श्रीदेवी और परिवार के अन्य लोग करीब एक घंटे बाद ससुराल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि बेटी को दर्द से तड़पता देख मां श्रीदेवी का गुस्सा बढ़ गया। उन्होंने दामाद और उसके परिवार वालों को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों परिवारों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान श्रवण की बहन मोनी बीच-बचाव करने पहुंची। आरोप है कि गुस्से में प्रीति की मां श्रीदेवी ने मोनी का चेहरा पकड़कर दांतों से उसकी नाक काट दी। इस घटना में मोनी भी गंभीर रूप से घायल हो गई और खून से लथपथ हो गई।
दोनों पक्ष पहुंचे थाने, पुलिस ने कराया मेडिकल
हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों परिवारों को शांत कराया। इसके बाद घायल प्रीति और मोनी को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों का मेडिकल कराया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत पत्र दिया है। अब मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी मोहित पुंडीर ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हुआ था। इसमें दोनों के परिवार के लोग शामिल हो गए। दोनों ने एफआईआर कराने के लिए तहरीर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
