T20 वर्ल्ड कप जीतते ही टीम इंडिया पर पैसों की बारिश, मिली रिकॉर्डतोड़ प्राइज मनी
अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 जीत लिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया को करीब 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली और उसने कई नए रिकॉर्ड भी बनाए।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को हराकर ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम इस टूर्नामेंट को तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इसके अलावा टीम इंडिया ने अपने घरेलू मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप जीतकर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इससे पहले कोई भी टीम अपने घर में यह खिताब नहीं जीत सकी थी। इस शानदार प्रदर्शन के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टीम इंडिया को रिकॉर्डतोड़ प्राइज मनी भी दी है।
टीम इंडिया पर हुई इनाम की बारिश
ICC ने इस टूर्नामेंट के लिए कुल प्राइज मनी का पूल लगभग 120 करोड़ रुपये रखा था। इसमें से सबसे बड़ा हिस्सा विजेता टीम को दिया गया। चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम को 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 27.48 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली। यह रकम पिछले संस्करण की तुलना में काफी ज्यादा है। पिछली बार जब भारत चैंपियन बना था तब उसे 2,340,000 अमेरिकी डॉलर की प्राइज मनी मिली थी। इस बार प्राइज मनी बढ़ने से टीम इंडिया को बड़ी आर्थिक उपलब्धि भी मिली है।
न्यूजीलैंड समेत अन्य टीमों को भी मिला इनाम
फाइनल मुकाबला हारने के बावजूद न्यूजीलैंड की टीम को भी अच्छी रकम मिली। रनर-अप टीम के तौर पर न्यूजीलैंड को 1.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 14.65 करोड़ रुपये दिए गए। वहीं सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड को 790,000 डॉलर यानी लगभग 7.24 करोड़ रुपये की प्राइज मनी मिली। इसके अलावा सुपर 8 चरण तक पहुंचने लेकिन सेमीफाइनल में जगह न बना पाने वाली हर टीम को 380,000 डॉलर यानी करीब 3.48 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया। ग्रुप स्टेज में खेलने वाली सभी टीमों को भी 250,000 डॉलर यानी लगभग 2.29 करोड़ रुपये की गारंटीड राशि मिली।
फाइनल मुकाबले में भारत की शानदार जीत
फाइनल मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। टीम के बल्लेबाज संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रनों की तूफानी पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 159 रन पर ही सिमट गई। इस मुकाबले में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं अक्षर पटेल ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एक और बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। टीम इंडिया अब टी20 वर्ल्ड कप का खिताब लगातार बचाने वाली यानी टाइटल डिफेंड करने वाली पहली टीम भी बन गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
