गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर आग की घटना, समय रहते टली बड़ी दुर्घटना
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के एसएसई पावर वुडन रूम में संदिग्ध शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद रेलवे जंक्शन पर शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफार्म नंबर एक और दो के बीच स्थित एसएसई पावर वुडन रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। घटना रात करीब 10 बजे की है, जब वुडन रूम से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानी नहीं हुई और समय रहते आरपीएफ, जीआरपी और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया।
प्लेटफार्म नंबर एक और दो के बीच लगी आग
जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और दो के बीच स्थित एसएसई पावर वुडन रूम में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें तेज हो गईं और पूरा कमरा धुएं से भर गया। स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया। आग की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।
आरपीएफ-जीआरपी की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान
आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने बिना देर किए उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। साथ ही तुरंत फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई। कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। जवानों की सतर्कता के कारण आग को फैलने से पहले ही रोक लिया गया।
आग रही सीमित, ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं
राहत की बात यह रही कि आग केवल वुडन रूम तक ही सीमित रही। प्लेटफार्म के अन्य कमरों या हिस्सों तक आग नहीं पहुंची। उस समय प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर कोई ट्रेन खड़ी नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के बावजूद ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलती रहीं।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
रेलवे अधिकारियों ने शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पूरी जांच के बाद आग लगने के कारणों की रिपोर्ट दिल्ली स्थित रेलवे के मुख्यालय को भेजी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0