न लाखों, न करोड़ों… सीधे 1 अरब की ठगी, गोरखपुर में फॉरेक्स स्कैम का बड़ा खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर में 100 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को ठगते थे। ठगी की रकम क्रिप्टो में निवेश की जाती थी, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। रामगढ़ताल थाना पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय गैंग को पकड़ा है, जिसने ऑनलाइन निवेश और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करीब 1 अरब रुपये की ठगी की है। पुलिस ने एक नामी होटल में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी वहां बैठकर नए लोगों को अपने जाल में फंसाने की योजना बना रहे थे। इस खुलासे के बाद पुलिस और प्रशासन भी हैरान हैं।
फर्जी खातों से चलता था करोड़ों का खेल
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह फर्जी और किराए के बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन करता था। ठगी से मिली रकम को आरोपी क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर देते थे, जिससे पैसे का पता लगाना मुश्किल हो जाता था। गिरोह का मास्टरमाइंड लोगों को घर बैठे मोटा मुनाफा कमाने और फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का लालच देता था।
होटल में मीटिंग के दौरान दबोचे गए आरोपी
20 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि रामगढ़ताल इलाके के एक होटल में कुछ लोग फॉरेक्स ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर मीटिंग कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापा मारा और अजीत यादव, अजय कुमार, पारतेश सिंह और गणेश साहनी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, इनका एक साथी ऋषभ फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
ऐसे फंसाते थे लोगों को जाल में
सीओ अरुण कुमार सिंह के अनुसार, आरोपी पहले निवेशकों को झूठे मुनाफे के आंकड़े दिखाते थे और उन्हें ज्यादा पैसे लगाने के लिए उकसाते थे। जब लोग अपना पैसा वापस मांगते थे, तो आरोपी उनसे संपर्क तोड़ लेते थे। अगर कोई खाता फ्रीज हो जाता, तो ये लोग नए लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम पर बैंक खाता खुलवाते और उसी का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत
पुलिस ने आरोपियों के पास से लैपटॉप, कई स्मार्टफोन, फर्जी दस्तावेज और बैंक खातों से जुड़ी यूजर आईडी और पासवर्ड की सूची बरामद की है। साइबर सेल अब इन सभी खातों की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि ठगी की रकम 1 अरब रुपये से भी अधिक हो सकती है। मामले में आगे की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
