8 महीने की प्लानिंग और ऑपरेशन कमल सफल… जानें कैसे राज्यसभा में AAP को दी मात और BJP ने पलट दी पूरी बिसात
AAP MP Resignation: AAP के सात राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने से राजनीति में बड़ा बदलाव आया है। इससे AAP को झटका लगा है और बीजेपी को रणनीतिक फायदा मिला है। पंजाब, गुजरात और गोवा में इसका असर दिख सकता है और राज्यसभा में बीजेपी की ताकत भी बढ़ी है।
Raghav Chadha BJP: पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल के बीच दिल्ली से आई एक बड़ी राजनीतिक खबर ने पूरे देश की सियासत को हिला दिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्यसभा सांसदों का भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर जाना बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। इस कदम से न सिर्फ AAP को बड़ा झटका लगा है, बल्कि बीजेपी को भी कई राज्यों में रणनीतिक बढ़त मिलती दिख रही है। पंजाब, गुजरात और गोवा जैसे राज्यों में इसका सीधा असर पड़ सकता है। यह घटनाक्रम आने वाले चुनावों और राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
AAP को बड़ा झटका, BJP को रणनीतिक फायदा
राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल और स्वाति मालीवाल समेत सात सांसदों का जाना AAP के लिए सिर्फ संख्या का नुकसान नहीं है, बल्कि मनोबल पर भी बड़ा असर है। वहीं बीजेपी के लिए यह कदम राज्यसभा में मजबूती और कई राज्यों में राजनीतिक पकड़ बढ़ाने का मौका बन गया है।
पहले से तैयार थी पूरी रणनीति
सूत्रों के मुताबिक, यह कोई अचानक हुआ फैसला नहीं था। पिछले 6 से 8 महीनों से इसकी तैयारी चल रही थी। राघव चड्ढा लंबे समय से पार्टी से दूरी बनाए हुए थे। उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाया गया और बोलने का समय भी सीमित कर दिया गया, जिससे उनके असंतोष के संकेत मिल रहे थे।
दल-बदल कानून के तहत बनाई गई योजना
बीजेपी की रणनीति साफ थी कि एक साथ दो-तिहाई सांसदों को जोड़ा जाए, ताकि दल-बदल कानून के तहत उनकी सदस्यता सुरक्षित रहे। यही वजह रही कि सात सांसदों को साथ लाने का लक्ष्य तय किया गया।
पंजाब में बढ़ सकती हैं मुश्किलें
AAP के लिए सबसे बड़ी चिंता अब पंजाब है। राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने 2022 में पंजाब में पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब उनके जाने से पार्टी की पकड़ कमजोर हो सकती है और बीजेपी यहां अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेगी।
बीजेपी के चार बड़े लक्ष्य
बीजेपी अब पंजाब में शहरी, ग्रामीण, पंथिक और अनुसूचित जाति वोट बैंक को साधने की रणनीति पर काम कर रही है। राघव चड्ढा को शहरी चेहरा बनाया जा सकता है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में अन्य नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
गुजरात और गोवा में भी असर
गुजरात में स्थानीय चुनाव से पहले यह घटनाक्रम AAP के लिए झटका साबित हो सकता है। वहीं गोवा में भी यह संदेश जाएगा कि पार्टी विस्तार के बजाय अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।
राज्यसभा में बीजेपी की ताकत बढ़ी
इस घटनाक्रम के बाद राज्यसभा में एनडीए की संख्या 141 से बढ़कर 148 हो सकती है, जिससे महत्वपूर्ण विधेयकों को पास कराने में आसानी होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
