33 साल बाद फिर लौटेगा ‘खलनायक’, जानिए 1993 की फिल्म से जुड़े दिलचस्प किस्से
संजय दत्त, माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ अभिनीत 1993 की फिल्म खलनायक के बारे में कुछ अनजाने तथ्य जानें।
बॉलीवुड में एक बार फिर ‘खलनायक’ की चर्चा तेज हो गई है। 33 साल पहले यानी 1993 में आई फिल्म खलनायक ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। अब संजय दत्त एक बार फिर इसी अंदाज में वापसी करने जा रहे हैं। हाल ही में उनका फर्स्ट लुक सामने आया है, जिसमें वह बेहद खतरनाक अंदाज में दिख रहे हैं। हालांकि इस खबर में हम नई फिल्म नहीं, बल्कि पुरानी ‘खलनायक’ से जुड़े कुछ ऐसे रोचक किस्से बता रहे हैं, जिन्हें आज भी बहुत कम लोग जानते हैं।
फिल्म की शुरुआत और सफलता
साल 1993 में निर्देशक सुभाष घई ने ‘खलनायक’ बनाई थी। इस फिल्म में माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ भी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म उस साल की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही और ‘आंखें’ के बाद सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में गिनी गई। इसे 2 फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिले थे। फिल्म के गाने भी काफी लोकप्रिय हुए थे, जिन्हें आनंद बख्शी ने लिखा और लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने संगीत दिया।
फिल्म का नाम पहले कुछ और था
बहुत कम लोग जानते हैं कि इस फिल्म का नाम पहले ‘राजा’ रखा जाना था। सुभाष घई ने 1992 में यह टाइटल रजिस्टर भी कराया था। बाद में नाम बदलकर ‘खलनायक’ कर दिया गया। इसी नाम को लेकर सुभाष घई और सावन कुमार टाक के बीच विवाद भी हुआ और मामला कोर्ट तक पहुंच गया।
बल्लू के किरदार के लिए कई नाम
फिल्म में बल्लू का किरदार संजय दत्त ने निभाया, लेकिन पहले इसके लिए अनिल कपूर भी इच्छुक थे। उन्होंने सुभाष घई को इसके लिए मना भी लिया था, लेकिन निर्देशक पहले ही संजय दत्त को चुन चुके थे। इसके अलावा शुरुआत में नाना पाटेकर को भी इस रोल के लिए सोचा गया था।
विदेशों में भी फिल्म का जलवा
‘खलनायक’ को सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त सफलता मिली। कहा जाता है कि यह पहली हिंदी फिल्मों में से थी, जिसने कनाडा और अमेरिका में शानदार कमाई की और ओपनिंग वीकेंड में कुछ हॉलीवुड फिल्मों से भी आगे निकल गई।
जेल से लौटकर की डबिंग
फिल्म की शूटिंग के दौरान 1993 के बॉम्बे धमाकों के मामले में संजय दत्त की गिरफ्तारी हो गई थी। इससे फिल्म की रिलीज पर संकट आ गया था। बाद में जब वह जेल से बाहर आए, तब उन्होंने फिल्म की डबिंग पूरी की। खास बात यह है कि फिल्म के आखिरी सीन में भी उन्हें जेल जाते हुए दिखाया गया है।
हॉलीवुड फिल्म बनने की भी थी तैयारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘खलनायक’ को पहले हॉलीवुड फिल्म के रूप में बनाने की योजना थी। इसमें उमर शरीफ और अशोक अमृतराज प्रोड्यूसर बनने वाले थे। लेकिन सुभाष घई ने यह प्रोजेक्ट छोड़ दिया, क्योंकि वह इसे अपनी भाषा और अंदाज में बनाना चाहते थे। शुरुआत में फिल्म की कहानी में जैकी श्रॉफ और नाना पाटेकर को लेकर आर्ट-हाउस स्टाइल में फिल्म बनाने की योजना थी, लेकिन बाद में पूरी कास्ट बदल दी गई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
