PM मोदी की नीदरलैंड यात्रा से चोल साम्राज्य की अनमोल धरोहर भारत को मिलेगी वापस, जानिए कैसे पहुंचा था विदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के दौरान भारत को बड़ी सांस्कृतिक सफलता मिली। 1000 साल पुरानी चोल साम्राज्य की दुर्लभ ताम्र पट्टिकाएं अब भारत लौटेंगी। जानिए इस ऐतिहासिक समझौते की पूरी कहानी...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा भारत के लिए सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक लिहाज से भी बेहद खास साबित हुई। करीब 1000 साल पुरानी चोल ताम्र पट्टिकाओं को भारत वापस लाने पर दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक समझौता हुआ है। ये वही दुर्लभ तांबे की पट्टिकाएं हैं, जिनमें चोल साम्राज्य का गौरवशाली इतिहास दर्ज है। यह संग्रह 21 बड़ी और 3 छोटी तांबे की प्लेटों का है। इनमें तमिल भाषा में लिखी गई ऐतिहासिक जानकारियां मौजूद हैं। पीएम मोदी ने बताया कि इन पट्टिकाओं में महान चोल शासक राजा राजेंद्र चोल प्रथम और राजा राजराजा चोल प्रथम के शासन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें दर्ज हैं।
विदेश कैसे पहुंची भारत की ये धरोहर?
इतिहासकारों के मुताबिक, 19वीं सदी में यूरोपीय देशों के व्यापार और रिसर्च अभियानों के दौरान भारत की कई दुर्लभ कलाकृतियां और ऐतिहासिक दस्तावेज विदेश पहुंच गए थे। अब इन ताम्र पट्टिकाओं की वापसी को भारत की सांस्कृतिक जीत माना जा रहा है।
नीदरलैंड के राजा-रानी ने किया पीएम मोदी का भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी ने हेग में नीदरलैंड के राजा विलेम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात की। शाही महल ‘पैलेस हाउस टेन बॉश’ में हुई इस बैठक में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। शिक्षा, ग्रीन एनर्जी, डिजिटल तकनीक, वाटर मैनेजमेंट और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। राजा और रानी ने पीएम मोदी के सम्मान में विशेष रात्रिभोज भी आयोजित किया।
मोदी बोले- भारत निवेश के लिए दुनिया की सबसे बड़ी उम्मीद
CEO राउंड टेबल बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि भारत में निवेश करने का यह सबसे अच्छा समय है। उन्होंने बताया कि टैक्स और लेबर कानूनों में सुधार के कारण भारत तेजी से मैन्युफैक्चरिंग हब बन रहा है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स, जो कभी भारत का बड़ा आयात क्षेत्र था, अब निर्यात की ताकत बन चुका है। पीएम मोदी ने डच कंपनियों से भारत में निवेश बढ़ाने की अपील भी की।
अब स्वीडन दौरे पर पीएम मोदी
नीदरलैंड यात्रा खत्म होने के बाद पीएम मोदी स्वीडन के लिए रवाना हो गए हैं। 17 और 18 मई को गोथेनबर्ग में होने वाली बैठकों में व्यापार, तकनीक और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
