इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ते ही सोना हुआ महंगा, चांदी ने फिर पार किया 3 लाख का आंकड़ा
सरकार द्वारा कीमती धातुओं पर आयात शुल्क बढ़ाने के बाद एमसीएक्स पर सोने की कीमतों में 11,000 रुपये से अधिक की उछाल आई और चांदी की कीमत 3 लाख रुपये के पार पहुंच गई।
देश में सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। सरकार द्वारा इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर इंडेक्स में कमजोरी आने के बाद घरेलू वायदा बाजार में कीमती धातुओं के दाम तेजी से बढ़े हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोने की कीमत में 11 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि चांदी के दाम फिर से 3 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गए। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार ने सोने और चांदी के आयात को कम करने के लिए ड्यूटी बढ़ाई है, ताकि रुपये पर दबाव कम हो सके और व्यापार घाटा नियंत्रित किया जा सके।
सोने की कीमत में रिकॉर्ड तेजी
देश के वायदा बाजार MCX में सोने की कीमत में कारोबार के दौरान भारी तेजी देखने को मिली। आंकड़ों के अनुसार सुबह करीब 9 बजकर 35 मिनट पर सोने का भाव 8,300 रुपये बढ़कर 1,61,742 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया था। वहीं कारोबारी सत्र के दौरान सोना 11,055 रुपये की तेजी के साथ 1,64,497 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया, जो दिन का सबसे ऊंचा स्तर रहा। इससे पहले सोना 1,54,851 रुपये पर खुला था, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह 1,53,442 रुपये पर बंद हुआ था।
चांदी के दाम 3 लाख रुपये के पार
सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ी तेजी दर्ज की गई। MCX पर चांदी के दाम कारोबार के दौरान 22,367 रुपये बढ़कर 3,01,429 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गए। यह बुधवार का सबसे ऊंचा स्तर माना गया। सुबह चांदी 2,90,224 रुपये पर खुली थी, जबकि पिछले कारोबारी दिन इसका बंद भाव 2,79,062 रुपये था। सुबह करीब 9 बजकर 45 मिनट पर चांदी 17,535 रुपये की तेजी के साथ 2,96,597 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही थी।
सरकार ने क्यों बढ़ाई इंपोर्ट ड्यूटी?
सरकार ने सोने और चांदी पर कुल इंपोर्ट टैक्स 6 फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया है। इसमें 10 फीसदी बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5 फीसदी एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस शामिल है। सरकार का मानना है कि इससे आयात कम होगा और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव घटेगा। भारत अपनी जरूरत का अधिकांश सोना विदेशों से खरीदता है, जिससे डॉलर की मांग बढ़ती है और रुपये पर असर पड़ता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मिला मिला-जुला संकेत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया। अमेरिका-ईरान तनाव और अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों ने निवेशकों को सुरक्षित निवेश की ओर आकर्षित किया। हालांकि डॉलर इंडेक्स में कमजोरी का असर भी बाजार पर दिखाई दिया। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में अगर सोने की मांग कम होती है तो कीमतों में कुछ गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
