वृंदावन में बड़ा हादसा… यमुना में स्टीमर पलटा, 10 की मौत, 15 बचाए गए, PM मोदी ने जताया दुख
Uttar Pradesh News: मथुरा के वृंदावन में केशी घाट के पास स्टीमर पलटने से बड़ा हादसा हुआ। 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, 15 को बचा लिया गया, जबकि 8 लोग लापता हैं। सभी श्रद्धालु पंजाब से आए थे। मौके पर NDRF और SDRF की टीम रेस्क्यू में जुटी है।
Mathura News: मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। केशी घाट के पास यमुना नदी में एक स्टीमर पलट गया, जिसमें करीब 33 श्रद्धालु सवार थे। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वहीं 8 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना से बांके बिहारी मंदिर के दर्शन करने आए थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व गोताखोरों की टीम तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कई लोग अस्पताल में भर्ती
रेस्क्यू टीम ने अब तक यमुना नदी से कुल 25 लोगों को बाहर निकाला है। इनमें से 15 लोगों की हालत ठीक बताई जा रही है, जबकि 10 लोगों की मौत हो गई। बचाए गए कुछ श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं बाकी 8 लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी से 10 शव निकाले जा चुके हैं।
मौके पर भारी भीड़, प्रशासन अलर्ट
घटना के बाद केशी घाट पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति शोक भी जताया है।
DM ने बताई हादसे की वजह
मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को लुधियाना से करीब 32 श्रद्धालु वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद सभी लोग स्टीमर से यमुना नदी में सैर कर रहे थे। तभी केशी घाट के पास स्टीमर अचानक पलट गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
Deeply pained by the mishap due to the capsizing of a boat in Mathura, Uttar Pradesh. My condolences to those who have lost their near and dear ones. I pray for the speedy recovery of the injured. The local administration is assisting those affected: PM @narendramodi — PMO India (@PMOIndia) April 10, 2026
PM मोदी ने जताया दुख, NDRF-SDRF भी जुटी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। वहीं रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्टीमर पांटून पुल से टकराने के बाद पलट गया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
