सोशल मीडिया पर सिंघम बनने की होड़ पड़ेगी भारी, वर्दी में बनाई रील तो होगी कार्रवाई, STF चीफ अमिताभ यश ने लिया बड़ा फैसला
UP Police ने वर्दी में रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। ADG अमिताभ यश ने सोशल मीडिया पॉलिसी उल्लंघन पर कड़े निर्देश जारी किए हैं। जानिए क्यों बढ़ी पुलिस विभाग की सख्ती...
उत्तर प्रदेश पुलिस में इन दिनों वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। फिल्मी डायलॉग, स्टाइलिश एंट्री, बाइक स्टंट और सिंघम अंदाज वाली वीडियो लगातार वायरल हो रही हैं। लेकिन अब यह रीलबाजी पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ सकती है। STF चीफ और अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले पुलिस अफसरों और जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
ADG अमिताभ यश ने जारी किए कड़े निर्देश
शनिवार को जारी आदेश में कहा गया कि यूपी पुलिस के लिए 8 फरवरी 2023 को सोशल मीडिया पॉलिसी लागू की गई थी। इसके बावजूद कई सेवारत और ट्रेनी पुलिसकर्मी लगातार नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। आदेश में कहा गया कि कुछ पुलिसकर्मी सोशल मीडिया पर ऐसी रील्स और पोस्ट डाल रहे हैं, जो न सिर्फ पुलिस की छवि खराब कर रही हैं, बल्कि सरकारी कार्य और अनुशासन पर भी असर डाल रही हैं।
जानिए कैसे होगी कार्रवाई...
1. रीलबाज पुलिसकर्मियों की होगी पहचान
सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि सोशल मीडिया पॉलिसी तोड़ने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत विभागीय कार्रवाई की जाए।
2. हर महीने भेजनी होगी रिपोर्ट
जिलों को हर महीने पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट भेजनी होगी कि कितने पुलिसकर्मियों पर एक्शन लिया गया।
3. सोशल मीडिया पोस्ट का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा
वायरल पोस्ट का स्क्रीनशॉट और URL भी सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि जांच के दौरान पुख्ता सबूत मौजूद रहें।
सोशल मीडिया पर सिंघम बनने की रेस
यूपी पुलिस के नए जवानों में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ साफ दिखाई दे रही है। कई पुलिसकर्मी फिल्मी गानों पर लिप्सिंग करते, डायलॉग बोलते और वर्दी में स्टाइलिश वीडियो शूट करते नजर आते हैं। कुछ जवानों ने अपनी प्रोफाइल में UP Police, COP और Serving the Nation जैसे टैग जोड़ रखे हैं। वहीं कई वीडियो में ट्रेनिंग सेंटर की ड्रिल्स को भी सिनेमाई अंदाज में दिखाया जा रहा है।
2025 में हुई भर्ती के बाद तेजी से बढ़ा ट्रेंड
दरअसल साल 2025 में यूपी पुलिस में करीब 60 हजार सिपाहियों की भर्ती हुई थी। इनमें बड़ी संख्या 18 से 25 साल के युवाओं की है, जो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। वर्दी में फोटो, मोटिवेशनल कोट्स और ट्रेनिंग वीडियो पोस्ट करना आम हो गया है। लेकिन अब विभाग इसे अनुशासनहीनता मानकर सख्ती दिखाने के मूड में है।
सोशल मीडिया से कमाई भी नियमों के खिलाफ
आपको बता दें कि पुलिस विभाग के नियमों के मुताबिक कोई भी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया प्रमोशन, ब्रांडिंग या रील्स के जरिए निजी कमाई नहीं कर सकता। ऐसे में सोशल मीडिया से होने वाली इनकम भी विभागीय नियमों का उल्लंघन मानी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
