गंगा एक्सप्रेस-वे से मजबूत होगा तीर्थ सर्किट, कई बड़े धार्मिक स्थल होंगे आसान कनेक्ट
गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ेगा, जिससे तीर्थयात्रा आसान हो जाएगी और आध्यात्मिक पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
उत्तर प्रदेश में बन रहा गंगा एक्सप्रेस-वे अब सिर्फ एक सड़क परियोजना नहीं रह गया है, बल्कि यह राज्य के आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देने वाला बड़ा माध्यम बन रहा है। गंगा, जिसे भारत की सबसे पवित्र धारा माना जाता है, उसके किनारे बसे धार्मिक स्थल सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र रहे हैं। अब गंगा एक्सप्रेस-वे इन सभी तीर्थ स्थलों को आपस में जोड़कर यात्रा को आसान और तेज बनाने का काम करेगा। इससे श्रद्धालुओं को एक ही यात्रा में कई महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
तीर्थ स्थलों को जोड़ने में अहम भूमिका
मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला यह एक्सप्रेस-वे कई प्रमुख धार्मिक स्थलों को सीधे जोड़ेगा। इसके जरिए गढ़मुक्तेश्वर, कल्कि धाम, बेल्हा देवी धाम, चंद्रिका देवी शक्ति पीठ और त्रिवेणी संगम तक पहुंच पहले से आसान हो जाएगी। इन स्थानों पर हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
पांच बड़े आध्यात्मिक कॉरिडोर को मिलेगा लाभ
गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश में विकसित हो रहे पांच प्रमुख स्पिरिचुअल कॉरिडोर को मजबूती देगा। प्रयागराज-विंध्याचल-काशी कॉरिडोर के जरिए संगम से विंध्याचल और काशी तक यात्रा तेज और सुगम होगी। यह शक्ति और शिव से जुड़े प्रमुख तीर्थों को एक साथ जोड़ता है।
राम और कृष्ण भक्ति स्थलों की बेहतर कनेक्टिविटी
प्रयागराज-अयोध्या-गोरखपुर कॉरिडोर रामभक्ति से जुड़े स्थलों को जोड़ता है। संगम से अयोध्या में रामलला के दर्शन और आगे गोरखनाथ मंदिर तक पहुंच आसान होगी। वहीं प्रयागराज-मथुरा-वृंदावन-शुक तीर्थ कॉरिडोर कृष्ण भक्ति से जुड़े प्रमुख स्थानों को जोड़कर श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को और सरल बनाएगा।
नैमिषारण्य और चित्रकूट को भी मिलेगा लाभ
प्रयागराज-लखनऊ-नैमिषारण्य कॉरिडोर भी बेहद महत्वपूर्ण है, जहां माना जाता है कि 88 हजार ऋषियों ने तपस्या की थी। इसके अलावा प्रयागराज-राजापुर-चित्रकूट कॉरिडोर रामायण से जुड़े पवित्र स्थलों को जोड़ता है, जिससे श्रद्धालु भगवान राम के वनवास से जुड़े स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
आर्थिक विकास को भी मिलेगा बढ़ावा
इस एक्सप्रेस-वे से न सिर्फ धार्मिक यात्रा आसान होगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ मिलेगा। इसके आसपास होटल, धर्मशालाएं, बाजार, ट्रांसपोर्ट और छोटे व्यवसाय तेजी से विकसित होंगे। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
आध्यात्मिक पर्यटन का नया दौर
गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को “डेस्टिनेशन से सर्किट” में बदलने की क्षमता रखता है। अब श्रद्धालु एक ही यात्रा में कई तीर्थों के दर्शन कर सकेंगे। आने वाले समय में काशी, अयोध्या, प्रयागराज, मथुरा और नैमिषारण्य जैसे स्थल बेहतर कनेक्टिविटी के साथ देश के सबसे बड़े आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बन सकते हैं।
(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
