IPL फाइनल में लगी चोट ने बढ़ाई टेंशन… अफगानिस्तान सीरीज से बाहर हुए विराट कोहली
Virat Kohli Injury: विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। आईपीएल 2026 फाइनल में लगी चोट के बाद टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल या ऋतुराज गायकवाड़ को मौका मिल सकता है।
India vs Afghanistan ODI Series: भारतीय क्रिकेट टीम और विराट कोहली के करोड़ों प्रशंसकों के लिए एक बड़ी और निराशाजनक खबर सामने आई है। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें हैमस्ट्रिंग की चोट है, जिसके कारण वह इस पूरी सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ यह भारत की पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज होगी और ऐसे में विराट की गैरमौजूदगी टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
आईपीएल फाइनल में लगी थी चोट
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, विराट कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। उन्होंने फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से गुजरात टाइटंस के खिलाफ 42 गेंदों में नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली थी और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने थे। लेकिन उसी मुकाबले में लगी चोट अब उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया कि हैमस्ट्रिंग चोट के चलते विराट अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह यशस्वी जायसवाल या ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल किया जा सकता है।
यशस्वी और गायकवाड़ पर नजर
यशस्वी जायसवाल पिछली न्यूजीलैंड वनडे सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। हालांकि फिलहाल वह श्रीलंका में होने वाली त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम में शामिल हैं।
6 जून से शुरू होगा भारत-अफगानिस्तान दौरा
भारत और अफगानिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत 6 जून से होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी, जो न्यू चंडीगढ़ में 10 जून तक खेला जाएगा। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी। 13 जून को पहला वनडे धर्मशाला में, 17 जून को दूसरा वनडे लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में और 20 जून को तीसरा वनडे चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। सभी मुकाबले दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे।
रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी सवाल
पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को भी इस सीरीज के लिए टीम में शामिल किया गया है, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। आईपीएल 2026 के दौरान उन्हें भी हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई थी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह पूरी सीरीज खेल पाते हैं या नहीं। विराट कोहली पहले ही टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं। ऐसे में उनका इस महत्वपूर्ण सीरीज से बाहर होना भारतीय टीम और फैंस दोनों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
