अमेठी में हाईवे पर मौत बनकर आई आमने-सामने की टक्कर, शराब लदी डीसीएम के उड़ गए परखच्चे, 26 वर्षीय चालक की मौके पर मौत

अमेठी में रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर निर्माण कार्य के बीच बड़ा हादसा हो गया। एक ही लेन से गुजर रहे ट्रक और शराब लदी डीसीएम की टक्कर में 26 वर्षीय चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर शराब की पेटियां बिखर गईं। 

Jun 7, 2026 - 18:50
Jun 7, 2026 - 18:50
 0
अमेठी में हाईवे पर मौत बनकर आई आमने-सामने की टक्कर, शराब लदी डीसीएम के उड़ गए परखच्चे, 26 वर्षीय चालक की मौके पर मौत

अमेठी में रायबरेली-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मंगौली गांव के पास शराब लदी डीसीएम और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में 26 वर्षीय चालक राहुल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

एक लेन से गुजर रहे थे दोनों वाहन
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मंगौली तिराहे के पास हाईवे को बाईपास मार्ग से जोड़ने का काम चल रहा है। इसी वजह से दोनों तरफ के वाहनों को एक ही लेन से निकाला जा रहा था। रविवार सुबह करीब सात बजे इसी मार्ग पर आमने-सामने आ रहे ट्रक और डीसीएम की टक्कर हो गई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। वाहन चला रहे राहुल यादव केबिन में बुरी तरह फंस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।

मऊ जिले का रहने वाला था चालक
मृतक राहुल यादव मऊ जिले के मोहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के खुशामतपुर गांव का रहने वाला था। वह शराब की खेप लेकर अयोध्या से रायबरेली की ओर जा रहा था। परिजनों को हादसे की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया। डीसीएम में देसी शराब की पेटियां लदी थीं। टक्कर के बाद बड़ी संख्या में पेटियां सड़क पर बिखर गईं। कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। हादसे के बाद चालक का शव डीसीएम के क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला। इसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

ट्रक चालक मौके से फरार
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसे के समय दोनों वाहनों की गति और स्थिति क्या थी।

रिपोर्ट -: बृजेश मिश्रा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0