राम चरण की ‘पेद्दी’ ने जीता दिल, खेल, संघर्ष और आदिवासी जीवन की कहानी ने दर्शकों को किया भावुक
राम चरण की फिल्म 'पेड्डी' अपनी भावनात्मक कहानी, खेल ड्रामा, दमदार अभिनय और आदिवासी समुदायों और सामाजिक पहचान के बारे में सशक्त संदेश से दर्शकों को प्रभावित करती है।
साउथ सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और रिलीज के साथ ही यह फिल्म चर्चा का बड़ा विषय बन गई है। ‘आरआरआर’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद दर्शकों को राम चरण की अगली फिल्म का बेसब्री से इंतजार था। ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था। खुद राम चरण ने दावा किया था कि ‘पेद्दी’ उनके करियर की सबसे अलग और बेहतरीन फिल्म होगी। फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों और समीक्षकों का मानना है कि उनका यह दावा सही साबित हुआ है।
संघर्ष और पहचान की लड़ाई है ‘पेद्दी’ की कहानी
फिल्म की कहानी एक सरकारी अधिकारी से शुरू होती है, जिसका किरदार बोमन ईरानी ने निभाया है। वह देश में ओलंपिक पदकों की कमी से परेशान है और नए खेल प्रतिभाओं की तलाश में निकलता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात पेद्दी से होती है, जो एक आदिवासी समुदाय से आने वाला युवा है। फिल्म में उस समाज की कहानी दिखाई गई है, जहां रहने वाले लोगों के पास न पहचान पत्र हैं, न सरकारी सुविधाएं और न ही समाज में कोई विशेष स्थान। इन्हें ‘पहाड़िया’ समुदाय के रूप में दिखाया गया है। ऐसे माहौल से निकलकर पेद्दी अपनी पहचान बनाने और अपने समाज को सम्मान दिलाने की लड़ाई लड़ता है।
मनोरंजन के साथ मजबूत सामाजिक संदेश
‘पेद्दी’ केवल एक स्पोर्ट्स ड्रामा नहीं है, बल्कि यह समाज के उन वर्गों की कहानी भी दिखाती है जो आज भी विकास की मुख्यधारा से दूर हैं। फिल्म में दमदार एक्शन, शानदार डांस और भावनात्मक दृश्य हैं, लेकिन इसकी सबसे बड़ी ताकत इसका सामाजिक संदेश है। कहानी को ‘पुष्पा’ फेम सुकुमार ने लिखा है, जबकि निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है। करीब तीन घंटे लंबी यह फिल्म दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है और कई महत्वपूर्ण सवाल छोड़ जाती है।
कलाकारों ने किया शानदार अभिनय
फिल्म में राम चरण के अलावा बोमन ईरानी, रवि किशन, दिव्येंदु शर्मा, उपेंद्र लिमये और जान्हवी कपूर भी नजर आए हैं। जान्हवी का किरदार छोटा जरूर है, लेकिन प्रभावशाली माना जा रहा है। हालांकि फिल्म की असली जान राम चरण हैं। उनके एक्शन, डायलॉग डिलीवरी, इमोशनल सीन और स्पोर्ट्स सीक्वेंस को काफी सराहा जा रहा है। कई समीक्षकों का मानना है कि यह उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस है।
क्यों देखनी चाहिए ‘पेद्दी’?
फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि आदिवासी समुदायों की समस्याओं, पहचान के संकट और सामाजिक असमानता जैसे मुद्दों को भी सामने लाती है। फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि देश के कई हिस्सों में आज भी ऐसे लोग रहते हैं, जिन्हें मूलभूत सुविधाएं और पहचान तक नहीं मिल पाई है। कुल मिलाकर ‘पेद्दी’ एक ऐसी फिल्म है, जो दर्शकों को मनोरंजन के साथ सोचने पर भी मजबूर करती है। राम चरण के प्रशंसकों के लिए यह फिल्म किसी बड़े उपहार से कम नहीं है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
