योगी सरकार ने किया 20 IAS अफसरों का ट्रांसफर, 6 महीने में ही हटाई गईं 3 महिला अफसर, बिजली संकट से लेकर शिकायतों तक कई वजहें सामने आईं
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 IAS अफसरों के तबादले कर दिए। 8 महिला अफसरों समेत कई बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई। जानिए किन अफसरों को हटाया गया और किन्हें मिली नई जिम्मेदारी।
उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 20 IAS अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में 8 महिला IAS अफसर भी शामिल हैं। खास बात यह रही कि इनमें तीन ऐसी महिला अधिकारी हैं, जिन्हें इसी साल जनवरी में मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के महज 6 महीने बाद ही नए पद पर भेज दिया गया। सरकार के इस फैसले के बाद ब्यूरोक्रेसी में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि कई अधिकारियों के विभागों में बदलाव के पीछे कामकाज से जुड़ी शिकायतें, प्रशासनिक जरूरतें और स्थानीय स्तर पर उठे विवाद प्रमुख कारण रहे हैं।
6 महीने में बदली तीन महिला IAS अफसरों की जिम्मेदारी
जनवरी 2026 में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात की गईं तीन महिला IAS अधिकारियों को अब नई जिम्मेदारी दी गई है। राजस्व विभाग की सचिव सुधा वर्मा को हटाकर अब श्रम आयुक्त बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, विभागीय स्तर पर प्रमुख सचिव अपर्णा यू के साथ तालमेल को लेकर कुछ मतभेद की चर्चा थी। वहीं चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव और महानिदेशक सारिका मोहन को पद से हटाकर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। उनके कामकाज को लेकर भी सरकार तक शिकायतें पहुंचने की बात सामने आई थी। इसी फेरबदल में नेहा शर्मा, जो महानिरीक्षक निबंधन के पद पर थीं, उन्हें चिकित्सा शिक्षा विभाग का सचिव और महानिदेशक बनाया गया है।
बिजली संकट की गाज रिया केजरीवाल पर गिरी
प्रदेश के मध्यांचल क्षेत्र में बिजली संकट और लगातार बिजली कटौती के बाद जनता के विरोध प्रदर्शन का असर प्रशासनिक बदलाव में भी दिखाई दिया। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की MD रिया केजरीवाल को पद से हटाकर विशेष सचिव, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार लगातार अधिकारियों से जवाब मांग रही थी। इसी बीच मध्यांचल क्षेत्र में सामने आई समस्याओं के बाद यह बदलाव किया गया।
संदीप भागिया हटे, लेकिन मिली अहम जिम्मेदारी
राज्य कर विभाग गौतमबुद्ध नगर के अपर आयुक्त और 2018 बैच के IAS अधिकारी संदीप भागिया का भी तबादला किया गया है। हालांकि उन्हें हटाने के बाद भी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का MD बनाया गया है। संदीप भागिया के खिलाफ राज्य कर विभाग के करीब 60 अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव एसपी गोयल से शिकायत की थी। उन पर अधिकारियों के साथ व्यवहार को लेकर आरोप लगाए गए थे। 14 जून को हुई एक बैठक के दौरान उनकी डांट के बाद अधिकारी वेद प्रकाश सिंह की तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने की घटना भी चर्चा में आई थी।
तीन साल बाद दीपा रंजन का तबादला
2013 बैच की IAS अधिकारी दीपा रंजन का करीब तीन साल बाद तबादला किया गया है। वह सितंबर 2023 से राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रबंध निदेशक थीं। अब उन्हें संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। हालांकि उनके बैच के कई अधिकारी इस समय जिलों में जिलाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर तैनात हैं।
मथुरा-वृंदावन विवाद के बाद नगर आयुक्त बदले
मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त जग प्रवेश को भी हटा दिया गया है। 2018 बैच के IAS जग प्रवेश को पिछले साल मई में नगर आयुक्त बनाया गया था। हाल ही में महोली रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान व्यापारियों और नगर आयुक्त के बीच विवाद सामने आया था। नगर निगम कर्मचारियों द्वारा दुकानों के बाहर रखा सामान जब्त करने के बाद व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया था। इसके अलावा कचरा उठाने वाली कंपनी द्वारा कब्रिस्तान की सफाई के दौरान 9 कब्रों और पेड़ों को नुकसान पहुंचाने का मामला भी विवादों में रहा था। कंपनी की ओर से 3300 रुपये मुआवजा देने पर कब्रिस्तान कमेटी ने नाराजगी जताई थी। अब बलिया की मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है।
2027 चुनाव से पहले संस्कृति विभाग में भी बदलाव
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सरकार ने सूचना और संस्कृति विभाग में भी बदलाव किया है। विशाल सिंह से संस्कृति विभाग का अतिरिक्त काम वापस ले लिया गया है। अब वह केवल सूचना विभाग पर फोकस करेंगे। वहीं संस्कृति विभाग के विशेष सचिव संजय सिंह को विभाग का निदेशक बनाया गया है।
PCS से IAS बने अधिकारियों को भी मिली तैनाती
इस तबादला सूची में PCS से IAS बने अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।
- राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। इससे पहले वह लखनऊ में अपर मंडलायुक्त थे।
- संजय कुमार सिंह को इटावा का CDO बनाया गया है। वह इससे पहले मुजफ्फरनगर में अपर जिलाधिकारी थे।
- आलोक कुमार को बलिया का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है। वह पहले गोंडा में अपर जिलाधिकारी थे।
इटावा CDO अजय कुमार गौतम का भी तबादला
इटावा के मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम का भी तबादला किया गया है। उन्हें अब गाजियाबाद प्रथम में अपर आयुक्त, राज्य कर बनाया गया है। 2020 बैच के IAS अजय कुमार गौतम ने दिसंबर 2023 में इटावा में CDO का पद संभाला था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
