लखनऊ एयरपोर्ट पर 14.5 करोड़ की ड्रग्स बरामद, ओमान एयरवेज से आया तस्कर गिरफ्तार
लखनऊ हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बैंकॉक से मस्कट होते हुए आ रहे एक यात्री से 14.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 14.5 करोड़ रुपये है। अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की जांच जारी है।
राजधानी चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे ओमान एयरवेज की फ्लाइट से आए एक यात्री के पास से भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक वीड बरामद की गई। यह कार्रवाई नियमित जांच के दौरान हुई, जब अधिकारियों को एक यात्री के बैग पर शक हुआ। जांच के बाद सामने आया कि आरोपी बड़ी मात्रा में ड्रग्स लेकर भारत पहुंचा था। कस्टम विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध बैग से निकले 29 पैकेट
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट संख्या WY-265 बैंकॉक से मस्कट होते हुए लखनऊ पहुंची थी। जैसे ही विमान से यात्री बाहर निकले, कस्टम अधिकारियों ने सामान की जांच शुरू की। इसी दौरान एक बैग संदिग्ध लगा। जब बैग की गहराई से तलाशी ली गई तो उसमें 29 अलग-अलग पैकेट मिले। इन पैकेट्स में कुल लगभग 14 किलो 500 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड छिपाकर रखी गई थी। यह बरामदगी देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत
कस्टम विभाग के अनुसार, बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 14 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में हाई-ग्रेड ड्रग्स का पकड़ा जाना सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक गंभीर संकेत माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि यह कोई साधारण मामला नहीं, बल्कि बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।
आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी
कस्टम विभाग ने मौके पर ही आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह जानने की कोशिश की जा रही है कि यह ड्रग्स किसके लिए लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की संभावना है।
एजेंसियां अलर्ट, जांच तेज
इस मामले के सामने आने के बाद कस्टम विभाग ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर जांच तेज कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भारत में इस खेप को किस तक पहुंचाया जाना था। हाल के समय में यह लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक मानी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
