मुलायम सिंह यादव को क्यों दिया पद्म विभूषण ? राजनाथ सिंह से पत्रकार ने किया सवाल, रक्षा मंत्री बोले- उसके कई कारण थे
लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से दिवंगत समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने पर सवाल पूछा गया। पत्रकार ने सवाल किया कि गोली चलवाने वाले को पद्म पुरस्कार दिया गया? इस पर राजनाथ सिंह ने कहा कि उसके कई कारण थे, लेकिन उन्होंने विस्तार से जवाब नहीं दिया। प्रेस वार्ता में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के शासनकाल, 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाए जाने और 2008 में समाजवादी पार्टी की ओर से यूपीए सरकार को समर्थन दिए जाने का भी जिक्र किया।
रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर को लखनऊ स्थित भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उनसे दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने को लेकर सवाल पूछा गया। पत्रकार ने सीधे सवाल किया कि गोली चलवाने वाले को आपने पद्म पुरस्कार दिया? इस पर राजनाथ सिंह ने कहा, चलिए देखते हैं, उसके कई कारण थे। इसके बाद उन्होंने धन्यवाद कहते हुए जवाब समाप्त कर दिया।
पत्रकार ने पूछा- गोली चलवाने वाले को पद्म पुरस्कार दिया?
प्रेस वार्ता के आखिरी कुछ मिनटों में राजनाथ सिंह पत्रकारों के सवालों का जवाब देने के बाद वहां से निकलने वाले थे। इसी दौरान एक पत्रकार ने मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने को लेकर सवाल किया। सवाल सुनने के लिए राजनाथ सिंह दोबारा बैठे और उन्होंने पूरा सवाल सुना। इस दौरान उनके बगल में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी बैठे थे। राजनाथ सिंह ने उनसे एक मिनट रुकने को कहा। इसके बाद पत्रकार ने पूछा कि गोली चलवाने वाले को आपने पद्म पुरस्कार दिया? सवाल मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने से जुड़ा था। जवाब में राजनाथ सिंह ने कहा, चलिए देखते हैं। उसके कई कारण थे। बहुत-बहुत धन्यवाद। इसके बाद उन्होंने इस मुद्दे पर विस्तार से कुछ नहीं कहा। देखिए वीडियो...
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस और सपा के रिश्तों पर क्या कहा था?
दरअसल, इसी प्रेस वार्ता में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस के शासनकाल और समाजवादी पार्टी के राजनीतिक रुख पर टिप्पणी की थी। उन्होंने वर्ष 1975 में आपातकाल, 1984 में सिखों के नरसंहार और 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाए जाने का जिक्र किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तीन अक्षम्य अपराध हुए। इनमें 1975 की इमरजेंसी, 1984 में सिख भाइयों का नरसंहार और 1990 में रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले को समर्थन देकर सरकार बचाना शामिल है। रामभक्तों पर गोली चलाए जाने का संदर्भ उत्तर प्रदेश में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की सरकार से जुड़ा है। अक्टूबर 1990 में अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर पुलिस ने गोली चलाई थी। इस घटना को लेकर मुलायम सिंह यादव लंबे समय तक भाजपा के राजनीतिक हमलों के केंद्र में रहे।
2008 में सपा ने कांग्रेस की सरकार को क्यों दिया था समर्थन?
वर्ष 2008 में भारत-अमेरिका नागरिक परमाणु समझौते को लेकर केंद्र की तत्कालीन यूपीए सरकार संकट में आ गई थी। वाम दलों ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन से समर्थन वापस ले लिया था। इसके बाद समाजवादी पार्टी ने मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन दिया। 22 जुलाई 2008 को लोकसभा में विश्वास मत के दौरान यूपीए सरकार ने बहुमत साबित कर दिया था। मतदान में सरकार के पक्ष में 275 और विपक्ष में 256 मत पड़े थे। सपा के समर्थन को सरकार बचाने में अहम माना गया था। उस समय मुलायम सिंह यादव ने परमाणु समझौते के समर्थन के पीछे राष्ट्रीय हित का तर्क दिया था। उन्होंने कहा था कि तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने उन्हें बताया था कि यह समझौता देश के हित में है। इसी आधार पर समाजवादी पार्टी ने सरकार का समर्थन किया था।
मुलायम सिंह यादव को कब मिला था पद्म विभूषण?
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को वर्ष 2023 में मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उन्हें सार्वजनिक मामलों के क्षेत्र में योगदान के लिए देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया। मुलायम सिंह यादव के बेटे और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान ग्रहण किया था। मुलायम सिंह यादव का निधन 10 अक्टूबर 2022 को हुआ था। वह तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण दिए जाने को लेकर भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बहस समय-समय पर सामने आती रही है। ऐसे में राजनाथ सिंह से इस सम्मान पर सवाल पूछे जाने और उनके संक्षिप्त जवाब ने इस मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
