लखनऊ में सीएम हेल्पलाइन कर्मचारियों का प्रदर्शन, वेतन और शोषण के आरोपों पर सड़कों पर उतरे सैकड़ों कर्मचारी
बेहतर वेतन और कार्य परिस्थितियों की मांग को लेकर लखनऊ में 200 से अधिक सीएम हेल्पलाइन कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को सीएम हेल्पलाइन 1076 से जुड़े कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह करीब 9:30 बजे लोहिया पथ से शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन अचानक तेज हो गया और देखते ही देखते 200 से ज्यादा कर्मचारी ‘1076 हाय-हाय’ के नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर कूच करने लगे। इस दौरान पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया और कई बार कर्मचारियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। हालात को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और बैरिकेडिंग कर कर्मचारियों को रोकने का प्रयास किया गया।
लोहिया पथ से शुरू हुआ अचानक मार्च
प्रदर्शन की शुरुआत लोहिया पथ से हुई, जहां से कर्मचारी अचानक समूह बनाकर आगे बढ़ने लगे। इस दौरान पुलिस ने उन्हें चार बार रोकने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारी लगातार आगे बढ़ते रहे। लोहिया पार्क तक पुलिस उन्हें रोकने में असफल रही, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई।
संगीत नाटक अकैडमी के पास बैरिकेडिंग
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने संगीत नाटक अकैडमी के सामने बैरिकेडिंग कर दी। यहां भी कर्मचारियों ने रुकने से इनकार कर दिया और आगे बढ़ने की कोशिश करते रहे। इसके बाद पुलिस ने बलपूर्वक कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों को हटाना शुरू किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कर्मचारियों का आरोप- हो रहा शोषण
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन में उनका शोषण किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बहुत कम वेतन दिया जा रहा है और काम के अनुसार सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें मात्र 7000 रुपये वेतन दिया जाता है, जो मौजूदा समय में बेहद कम है।
वेतन बढ़ाने और सुविधाएं देने की मांग
कर्मचारियों की मांग है कि उनका वेतन बढ़ाया जाए और उन्हें उचित कार्य वातावरण और सुविधाएं दी जाएं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
