यूपी में आधी रात बुलडोजर लेकर पहुंचा अफसर का बेटा, 70 नकाबपोशों संग ढहाई पड़ोसी की दुकान, CCTV के तार काटकर घर पर जड़े ताले
झांसी में आधी रात बुलडोजर लेकर पहुंचे रिटायर अफसर के बेटे और 70 नकाबपोश युवकों पर पड़ोसी की 20 साल पुरानी दुकान तोड़ने का आरोप लगा है। पहले घर के बाहर ताले लगाए गए, फिर सीसीटीवी के तार काटकर बुलडोजर चलाया गया। आखिर जमीन विवाद कैसे बुलडोजर तक पहुंच गया?
झांसी में जमीन विवाद ने रविवार तड़के ऐसा मोड़ ले लिया, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। आरोप है कि निबंधन विभाग के रिटायर अधिकारी के बेटे ने करीब 70 नकाबपोश युवकों के साथ बुलडोजर लेकर पड़ोसी की दुकान पर धावा बोल दिया। पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काटे गए, फिर परिवार को बाहर निकलने से रोकने के लिए मुख्य गेट पर ताले जड़ दिए गए। इसके बाद करीब 20 साल पुरानी दुकान पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने नामजद आरोपी समेत 71 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
20 साल पुरानी दुकान पर चलाया बुलडोजर
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मिशन कम्पाउंड निवासी जेम्स थॉमस का कहना है कि उनकी लकी प्रोविजन स्टोर नाम से करीब 20 साल पुरानी गुमटी है, जिससे उनके परिवार का गुजारा चलता है। शनिवार रात करीब 11 बजे वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। परिवार के साथ सोने के कुछ घंटे बाद तड़के करीब 3:30 बजे तेज आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो पता चला कि घर के दोनों गेट बाहर से ताले और सरिया लगाकर बंद कर दिए गए हैं। किसी तरह बाउंड्री फांदकर बाहर पहुंचे तो उनकी दुकान पर बुलडोजर चल रहा था।
कैमरे बंद कर मचाई तोड़फोड़
पीड़ित का आरोप है कि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने सबसे पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए ताकि पूरी वारदात रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद बुलडोजर से दुकान को गिरा दिया गया। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते रहे और जान से मारने की धमकी भी दी। दुकान तोड़ने के बाद विवादित जमीन पर अस्थायी बाउंड्री भी बना दी गई।
जमीन विवाद बना पूरी घटना की वजह
जेम्स थॉमस के अनुसार उनके पड़ोसी मणि सिरोठिया ने करीब एक साल पहले बगल की जमीन खरीदी थी। आरोप है कि इसी दौरान उनके मुख्य गेट के बाहर की जमीन की भी फर्जी रजिस्ट्री करा ली गई। इस मामले को लेकर करीब 10 महीने पहले कोर्ट में मुकदमा दायर किया गया था, जो अभी विचाराधीन है। पीड़ित का कहना है कि उसी विवाद के चलते अब उनकी दुकान तोड़कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई है।
7 लाख के नुकसान का दावा
दुकान मालिक का दावा है कि इस घटना में उन्हें करीब 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वारदात के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि जेम्स थॉमस की तहरीर पर मणि सिरोठिया समेत 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अज्ञात आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
