'अब गिरगिट भी इनसे शर्माने लगा होगा' प्रतापगढ़ में CM योगी का विपक्ष पर सबसे तीखा हमला, बोले- जहां ढांचा देखना चाहते थे बाबरी, वहां आज भव्य मंदिर है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। गिरगिट वाले तंज से लेकर वक्फ, राम मंदिर, अयोध्या और सरकारी नौकरियों तक उन्होंने किन मुद्दों पर विपक्ष को घेरा?
उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रतापगढ़ से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर एक साथ कई मोर्चों पर हमला बोला। विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री ने अपने भाषण का बड़ा हिस्सा वक्फ संपत्तियों, राम मंदिर, हिंदू आस्था, सरकारी नौकरियों और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर केंद्रित रखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी तकलीफ यह है कि जहां वह बाबरी ढांचा देखना चाहता था, वहां आज भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की और जब भी हिंदू आस्था या सार्वजनिक संपत्तियों का सवाल आया, तब दोनों दल चुप रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले को 384 करोड़ रुपए की 111 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण शामिल रहा। इसी मंच से उन्होंने BPSC परीक्षा की टॉपर श्रद्धा पांडे को सम्मानित भी किया।
गिरगिट वाले तंज से साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाता था, बाबरी ढांचे के समर्थन में खड़ा दिखाई देता था और अब खुद को आस्था का सबसे बड़ा संरक्षक बताने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों का दोहरा चरित्र देखकर लगता है कि अब गिरगिट भी इनसे शर्माने लगा होगा, क्योंकि ये उससे भी अधिक तेजी से रंग बदलते हैं। योगी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंदिर निर्माण और उसकी व्यवस्थाओं का संचालन कर रहा है। उसके कामकाज में किसी को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है।
'जहां बाबरी ढांचा देखना चाहते थे, वहां आज भव्य राम मंदिर है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष की सबसे बड़ी पीड़ा यही है कि जहां वह बाबरी ढांचा देखना चाहता था, वहां आज भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है। उन्होंने दावा किया कि तमाम दुष्प्रचार के बावजूद करोड़ों श्रद्धालु लगातार अयोध्या पहुंच रहे हैं और यही विपक्ष की बेचैनी का कारण है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन नेताओं ने कभी भगवान राम और भगवान कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे, वे आज आस्था की राजनीति कर रहे हैं।
वक्फ संपत्तियों पर भी विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वक्फ के नाम पर प्रदेश और देश में हजारों हेक्टेयर जमीनों पर कब्जा किया गया। उन्होंने कहा कि गरीबों और सार्वजनिक हित की जमीनें भी नहीं छोड़ी गईं, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने कभी इसका विरोध नहीं किया। उन्होंने कहा कि वक्फ का नाम आते ही विपक्ष के मुंह पर ताला लग जाता है।
सपा पर रामभक्तों पर गोली चलाने का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों के शासन में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, वे आज हिंदू आस्था की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले धार्मिक स्थलों के विकास पर सवाल उठाए जाते थे, जबकि कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते थे। उन्होंने यह भी कहा कि जब अवैध बूचड़खाने चल रहे थे, गो-तस्करी हो रही थी और कांवड़ यात्रा पर प्रतिबंध लगाए जा रहे थे, तब विपक्ष कभी हिंदुओं की आस्था के साथ खड़ा नहीं दिखा।
राम मंदिर की जांच हुई, वक्फ पर क्यों चुप?
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े मामलों में सरकार ने एसआईटी गठित की, जांच कराई और जहां साक्ष्य मिले वहां कार्रवाई भी हुई। लेकिन वक्फ संपत्तियों से जुड़े मामलों पर विपक्ष ने कभी सवाल नहीं उठाए।
विकास और रोजगार का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू होने के बाद प्रतापगढ़ के सैकड़ों युवाओं का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस समेत विभिन्न सरकारी नौकरियों में हुआ है। उन्होंने दावा किया कि पहले नौकरियों पर कुछ परिवारों का कब्जा रहता था, जबकि अब योग्य युवाओं को बिना भेदभाव अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने प्रतापगढ़ में मेडिकल कॉलेज, निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज और अन्य विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जिले के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
आखिर में सुनाया रसमलाई का किस्सा
भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने माहौल हल्का करते हुए स्थानीय विधायक राजेंद्र मौर्य का जिक्र किया। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि पिछली बार विधायक विकास कार्यों की लंबी सूची लेकर आए थे। तब उनसे कहा था कि सारे काम होंगे, लेकिन बदले में एक दिन उनकी मशहूर रसमलाई जरूर खिलानी पड़ेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
