बहन गई प्रेमी के घर, भाई का फूटा गुस्सा… कुल्हाड़ी से कर डाला हत्या, उन्नाव में मची सनसनी
Uttar Pradesh News: उन्नाव में प्रेम-प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। प्रेमिका के भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर प्रेमी के पिता की हत्या कर दी। तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में प्रेम-प्रसंग को लेकर एक बड़ा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बिहार थाना क्षेत्र के बैजुआमऊ गांव में दो परिवारों के बीच हुई कहासुनी अचानक हिंसा में बदल गई। इस दौरान प्रेमिका के भाई ने प्रेमी के पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में तीन अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रेमिका के घर छोड़ने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे राजकुमार की बेटी मालती अपने पड़ोसी पुत्तीलाल के बेटे पवन के घर चली गई थी। दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था और मालती अपनी इच्छा से वहां रहने गई थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच तनाव पैदा हो गया।
शाम को बढ़ा विवाद, मारपीट में बदली कहासुनी
शनिवार देर शाम मालती के परिजन पवन के घर पहुंचे। यहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गई। माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और स्थिति बिगड़ गई।
कुल्हाड़ी से हमला, मौके पर ही हुई मौत
आरोप है कि इस दौरान दीपक नाम के युवक ने कुल्हाड़ी से पुत्तीलाल (50 वर्ष) के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से पुत्तीलाल मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। इस हिंसक झड़प में सुनीता, अमन और राजेश्वरी भी घायल हो गए।
पुलिस कार्रवाई, हिरासत में तीन आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से बीघापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
