मेरठ में संदिग्ध जहरीली शराब से दो की मौत, एक युवक की हालत गंभीर, जांच जारी
मेरठ दौराला में संदिग्ध नकली शराब पीने से दो युवकों की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर है। पुलिस और आबकारी विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद तीन युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस घटना में दो युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आबकारी विभाग मिलकर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं, हालांकि अब तक मौत के असली कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।
शराब पीने के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के मुताबिक दौराला कस्बा निवासी जितेंद्र, दौलत और बाबूराम शुक्रवार देर शाम एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान अचानक तीनों की तबीयत खराब होने लगी। कुछ ही देर में उनकी हालत इतनी बिगड़ गई कि वे बेहोश हो गए। परिजनों ने तुरंत उन्हें पास के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान दो की मौत
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान जितेंद्र और दौलत की मौत हो गई। वहीं बाबूराम की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, पहली नजर में मामला किसी जहरीले पदार्थ के सेवन का लग रहा है।
पुलिस और प्रशासन की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण सामने आएगा।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण
परिजनों के हंगामे के बाद भानु भास्कर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा जिला अधिकारी Dr V.K Singh और आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पूछताछ में सामने आया कि तीनों की मौत का कारण सिर्फ शराब नहीं भी हो सकता है।
शराब के नमूने जब्त, जांच जारी
एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि शराब से मौत की पुष्टि अभी नहीं हुई है। जिस शराब का सेवन किया गया, उसकी कुल 9 पेटियां बिकी थीं और कहीं और से किसी के बीमार होने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल उस शराब को जब्त कर लिया गया है और आबकारी विभाग जांच कर रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
