फतेहपुर में महिला हत्या कांड का खुलासा, मुठभेड़ में घायल आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

फतेहपुर हत्याकांड में आरोपी को मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने ब्लैकमेल और विवाद के चलते एक महिला की हत्या की थी।

Apr 3, 2026 - 08:44
 0
फतेहपुर में महिला हत्या कांड का खुलासा, मुठभेड़ में घायल आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में तीन बच्चों की मां की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 24 मार्च को सरेशाम हुई इस वारदात के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गुरुवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोनू यादव को पकड़ने के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी और पुलिस पर आरोपी को पकड़ने का दबाव बढ़ गया था।

अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग बना हत्या का कारण
पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की 33 वर्षीय महिला का पति मुंबई में प्राइवेट नौकरी करता है। इसी दौरान महिला के पड़ोसी अनुपम उर्फ सोनू यादव से करीब तीन साल पहले अवैध संबंध बन गए थे। आरोप है कि सोनू ने महिला के अश्लील वीडियो और फोटो बना लिए थे और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। वह महिला से पैसे और गहने भी ऐंठ चुका था।

महिला ने बनाई दूरी, आरोपी ने किया बदनाम
लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर महिला ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। इससे नाराज होकर सोनू यादव ने महिला के आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इस मामले में महिला ने 11 फरवरी को सदर कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई थी।

समझौता न करने पर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, महिला द्वारा समझौता न करने पर आरोपी ने बदला लेने की ठान ली। 24 मार्च की शाम उसने महिला पर चाकू से हमला कर दिया और पेट में वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

मुठभेड़ में गिरफ्तारी, 50 हजार का था इनाम
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गुरुवार रात एनटीपीसी चौफेरवा के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस बारे में सीओ सिटी प्रमोद शुक्ला ने जानकारी दी।

(रिपोर्टः देवेंद्र सिंह, यूपी फतेहपुर)

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।