अयोध्या की व्यवस्था पर संत मिथलेश नंदिनी शरण के सवाल, ‘विकास या सांस्कृतिक बदलाव?’
दिल्ली में अयोध्या पर्व पर संत मिथलेश नंदिनी शरण ने अयोध्या के विकास और सांस्कृतिक बदलाव पर चिंता जताई.
दिल्ली में आयोजित अयोध्या पर्व के दौरान अयोध्या की व्यवस्था और हालात को लेकर एक बड़ा बयान सामने आया है। अयोध्या हनुमत निवास की पीठ आदिश्वर संत मिथलेश नंदिनी शरण ने मंच से अयोध्या के वर्तमान स्वरूप पर सवाल उठाए। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में आयोजित किया गया था, जहां कई प्रमुख लोग मौजूद थे। अपने संबोधन में संत ने अयोध्या में हो रहे बदलावों को ‘सांस्कृतिक विध्वंस’ बताते हुए चिंता जताई। उनके इस बयान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया।
‘विकास या बदलती पहचान?’
संत मिथलेश नंदिनी शरण ने कहा कि आज अयोध्या में ऐसे बदलाव देखने को मिल रहे हैं, जो इसकी मूल पहचान से अलग हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि लोग अब हनीमून मनाने के लिए गोवा की जगह अयोध्या आने लगे हैं, क्या यही विकास है? उनके अनुसार, अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान धीरे-धीरे बदल रही है, जो चिंता का विषय है।
प्रशासन पर भी उठाए सवाल
अपने भाषण में उन्होंने अयोध्या के प्रशासनिक रवैये पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति का प्रशासन से अच्छा व्यवहार नहीं है, तो अयोध्या में रहना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यहां तक कि किसी की मृत्यु हो जाए, फिर भी प्रशासनिक बैरियर नहीं हटाए जाते, जो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
संत परंपरा को लेकर जताई चिंता
संत ने कहा कि अयोध्या में संत परंपरा की परिभाषा भी बदलती नजर आ रही है। उनके अनुसार, प्रशासन के लिए अब संत परंपरा का मतलब केवल संतों को सुरक्षा देना रह गया है, जबकि उनकी सामाजिक और धार्मिक भूमिका को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने इस बदलाव को भी चिंताजनक बताया।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई प्रमुख लोग
इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और पूर्व सांसद लल्लू सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थे। संत मिथलेश नंदिनी शरण राम मंदिर पुजारी चयन और प्रशिक्षण समिति के महत्वपूर्ण सदस्य भी रह चुके हैं, इसलिए उनके बयान को खास महत्व दिया जा रहा है।
‘अयोध्या अजेय है’ – संत का संदेश
अपने संबोधन के अंत में संत ने कहा कि अयोध्या अजेय है और इसे कोई जीत नहीं सकता। उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या अपने साथ हुए हर अन्याय का जवाब समय आने पर जरूर देती है। यह कार्यक्रम हर साल पूर्व सांसद लल्लू सिंह द्वारा दिल्ली में आयोजित किया जाता है, जिसमें अयोध्या से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होती है।
(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
