अमेठी के दो युवाओं ने RO/ARO परीक्षा में किया कमाल, टॉप-10 में बनाई जगह
अमेठी के दो युवाओं ने यूपीपीएससी आरओ/एआरओ 2023 परीक्षा में शीर्ष 10 रैंक हासिल करके अपने गांवों का नाम रोशन किया और दूसरों को प्रेरित किया।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा घोषित RO/ARO परीक्षा 2023 के परिणाम में अमेठी जिले के दो युवाओं ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भेटुआ विकासखंड के रहने वाले शिवांशु शर्मा और शिवम शुक्ला ने प्रदेश के टॉप-10 में जगह बनाकर समीक्षा अधिकारी (Review Officer) का पद हासिल किया है। इस उपलब्धि से दोनों के गांवों में खुशी का माहौल है। परिवार और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और दोनों युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता ने क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरित किया है।
शिवांशु शर्मा ने हासिल की छठी रैंक
भेटुआ ब्लॉक की ग्राम पंचायत शिवगढ़ जलालपुर के संड़िला गांव निवासी शिवांशु शर्मा ने पूरे प्रदेश में छठी रैंक प्राप्त की है। उनके पिता राम सजीवन शर्मा आवास विकास विभाग में रिटायर्ड ड्राइंग इंजीनियर हैं, जबकि उनकी माता सावित्री शर्मा गृहणी हैं। शिवांशु ने साल 2020 से इस परीक्षा की तैयारी शुरू की थी।
ऑनलाइन पढ़ाई से मिली सफलता
शिवांशु ने लखनऊ स्थित अपने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की। इससे पहले उनका चयन भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क और रेलवे में स्टेशन मास्टर के पद पर भी हो चुका है। इसके बावजूद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। उनका सपना आगे चलकर आईपीएस अधिकारी बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय ईश्वर, माता-पिता और परिवार के सहयोग को दिया।
गांव में खुशी का माहौल
शिवांशु की इस उपलब्धि से संड़िला गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके दादा बजरंग बहादुर शर्मा समेत ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गांव के लोग उनकी मेहनत और लगन की सराहना कर रहे हैं।
शिवम शुक्ला ने भी बनाई टॉप-10 में जगह
इसी क्रम में पड़ोसी ग्राम पंचायत टिकरी के श्री का पुरवा गांव निवासी शिवम शुक्ला ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए दसवीं रैंक हासिल की है। उनके पिता विनोद शुक्ला रणछोर इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं और माता वृजलेश शुक्ला गृहणी हैं।
कोचिंग से की तैयारी, मिला बड़ा मुकाम
शिवम ने इलाहाबाद में रहकर कोचिंग के माध्यम से अपनी तैयारी की और यह सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से गांव में उत्सव जैसा माहौल है। विकास शुक्ला, धीरेंद्र शुक्ला, प्रमोद शुक्ला और अंकित तिवारी सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
(रिपोर्टः बृजेश मिश्रा, अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
