डायबिटीज मरीज ध्यान दें… कितने महीने में कराना चाहिए HbA1c टेस्ट, डॉक्टर ने बताया सही समय

डायबिटीज मरीजों के लिए HbA1c टेस्ट बेहद जरूरी माना जाता है। यह टेस्ट 2 से 3 महीनों का औसत शुगर लेवल बताता है और डॉक्टरों के मुताबिक हर कुछ महीनों में इसे कराना चाहिए।

Mar 10, 2026 - 09:51
 0
डायबिटीज मरीज ध्यान दें… कितने महीने में कराना चाहिए HbA1c टेस्ट, डॉक्टर ने बताया सही समय

डायबिटीज के मरीजों के लिए ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखना बेहद जरूरी होता है। आमतौर पर लोग खाली पेट और खाने के बाद शुगर टेस्ट कराते हैं या घर पर ही ग्लूकोमीटर से जांच कर लेते हैं। लेकिन डॉक्टरों के अनुसार सिर्फ इन टेस्ट के आधार पर डायबिटीज की सही स्थिति का पता नहीं चलता। इसके लिए HbA1c टेस्ट कराना भी जरूरी माना जाता है। इस टेस्ट को डायबिटीज को मॉनिटर करने का सबसे भरोसेमंद तरीका माना जाता है। इसकी मदद से पिछले 2 से 3 महीनों के दौरान शरीर में शुगर लेवल का औसत पता चल जाता है। इसलिए डॉक्टर मरीजों को समय-समय पर यह टेस्ट कराने की सलाह देते हैं।

क्या होता है HbA1c टेस्ट
दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल में मेडिसिन विभाग के डॉक्टर अजीत कुमार बताते हैं कि HbA1c टेस्ट को मेडिकल भाषा में ग्लाइकेटेड हीमोग्लोबिन टेस्ट कहा जाता है। यह टेस्ट एक या दो दिन के शुगर लेवल की जानकारी नहीं देता, बल्कि लंबे समय का औसत बताता है। इस टेस्ट से यह भी समझ आता है कि किसी मरीज का शुगर लेवल कितना नियंत्रित है और डायबिटीज को किस स्तर तक कंट्रोल करने की जरूरत है। यही वजह है कि डॉक्टर केवल एक दिन की शुगर रिपोर्ट पर भरोसा नहीं करते और HbA1c टेस्ट को भी जरूरी मानते हैं।

कितने समय में कराना चाहिए यह टेस्ट
डॉक्टर अजीत कुमार के अनुसार इस टेस्ट को कब कराना चाहिए, इस बारे में विश्व स्वास्थ्य संगठन और डायबिटीज फाउंडेशन ने भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों के मुताबिक डायबिटीज के मरीजों को हर तीन महीने में एक बार HbA1c टेस्ट जरूर कराना चाहिए। खासकर उन मरीजों को जिनका शुगर लेवल अक्सर नियंत्रण में नहीं रहता या जिनका लाइफस्टाइल सही नहीं है। हालांकि जिन मरीजों का शुगर लेवल सामान्य रूप से कंट्रोल में रहता है, वे छह से सात महीने में एक बार यह टेस्ट करा सकते हैं।

HbA1c का नॉर्मल लेवल कितना होना चाहिए
डॉक्टरों के मुताबिक HbA1c टेस्ट का स्तर भी डायबिटीज की स्थिति को समझने में मदद करता है। अगर HbA1c 5.7 प्रतिशत से कम है तो इसे सामान्य माना जाता है। अगर यह 5.7 प्रतिशत से 6.4 प्रतिशत के बीच है तो इसे प्रीडायबिटीज का स्तर कहा जाता है। वहीं 6.5 प्रतिशत या उससे अधिक होने पर इसे डायबिटीज की बीमारी माना जाता है।

शुगर लेवल कंट्रोल रखने के आसान तरीके
डायबिटीज को नियंत्रण में रखने के लिए सही जीवनशैली अपनाना बहुत जरूरी है। डॉक्टरों के अनुसार मरीजों को अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए और ज्यादा मीठा खाने से बचना चाहिए। रोजाना नियमित रूप से एक्सरसाइज करना भी जरूरी है। इसके साथ ही मानसिक तनाव से दूर रहना चाहिए और अगर वजन बढ़ रहा है तो उसे भी नियंत्रण में रखना जरूरी है। इन आसान उपायों को अपनाकर और समय-समय पर HbA1c टेस्ट कराकर डायबिटीज को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।