Google Maps में आया नया AI फीचर ‘Ask Maps’, अब आम भाषा में पूछ सकेंगे रास्ते और जगहों से जुड़े सवाल

गूगल ने जेमिनी एआई का उपयोग करते हुए गूगल मैप्स में एआई-संचालित आस्क मैप्स फीचर पेश किया है, जिससे उपयोगकर्ता वास्तविक दुनिया के प्रश्न स्वाभाविक भाषा में पूछ सकते हैं।

Mar 13, 2026 - 11:12
Mar 13, 2026 - 12:25
 0
Google Maps में आया नया AI फीचर ‘Ask Maps’, अब आम भाषा में पूछ सकेंगे रास्ते और जगहों से जुड़े सवाल

दुनिया की बड़ी टेक कंपनी Google ने अपने लोकप्रिय नेविगेशन ऐप Google Maps में एक नया एआई पावर्ड फीचर ‘Ask Maps’ लॉन्च किया है। इस फीचर को कंपनी ने अपने एआई मॉडल Gemini की मदद से तैयार किया है। यह एक बातचीत करने वाला टूल है, जिसकी मदद से यूजर्स अब असल दुनिया से जुड़े सवाल आसानी से पूछ सकेंगे। पहले गूगल मैप्स पर ज्यादातर काम कीवर्ड सर्च के जरिए होता था, जहां यूजर्स को सवाल टाइप करना पड़ता था। लेकिन अब ‘Ask Maps’ फीचर के जरिए लोग सामान्य बातचीत की तरह अपने सवाल पूछ सकते हैं।

एक ही सवाल में मिलेंगे कई जवाब
इस नए फीचर की खास बात यह है कि यह एक ही सवाल में कई तरह की रिक्वेस्ट को समझ सकता है। उदाहरण के लिए, अगर कोई व्यक्ति दिल्ली के कनॉट प्लेस यानी Connaught Place जाना चाहता है, तो वह पूछ सकता है कि वहां पहुंचने के लिए कार से जाना बेहतर होगा या मेट्रो से। साथ ही वह यह भी जान सकता है कि किस तरीके से जल्दी पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा यूजर रास्ते में कॉफी पीने के लिए अच्छी जगहों के सुझाव भी मांग सकता है। ऐप ट्रैफिक की स्थिति के आधार पर दोनों विकल्पों की तुलना करेगा और रास्ते में आने वाले कैफे को भी दिखाएगा।

करोड़ों जगहों की जानकारी से मिलेंगे जवाब
गूगल के अनुसार यह टूल गूगल मैप्स में पहले से मौजूद जानकारी के आधार पर जवाब देता है। इस प्लेटफॉर्म पर दुनिया भर की 30 करोड़ से ज्यादा जगहों की जानकारी उपलब्ध है। इसके अलावा 50 करोड़ से ज्यादा यूजर्स द्वारा शेयर किए गए रिव्यू, फोटो और अपडेट से भी यह डेटा लेता है। इसी जानकारी के आधार पर ‘Ask Maps’ यूजर्स को सटीक और उपयोगी सुझाव देने की कोशिश करेगा।

मुश्किल सवालों का भी मिलेगा जवाब
Gemini एआई से जुड़ने के बाद गूगल मैप्स अब ऐसे सवालों का जवाब भी दे सकेगा, जो पहले पूछना या ढूंढना मुश्किल होता था। अब यूजर ऐप से पूछ सकते हैं कि आस-पास पब्लिक वॉशरूम कहां मिलेगा या फोन जल्दी चार्ज करने की जगह कौन सी है। एआई इन सवालों का विश्लेषण करके रिव्यू, फोटो और दूसरी जानकारी को स्कैन करता है और उसके आधार पर सुझाव देता है।

दोस्तों से मिलने की जगह भी बताएगा
गूगल ने अपने ब्लॉग पोस्ट में बताया है कि अगर कोई व्यक्ति दोस्तों से मिलने जा रहा है, तो वह Maps से दो इलाकों के बीच मौजूद ऐसे वेजिटेरियन रेस्टोरेंट का सुझाव मांग सकता है जहां का माहौल आरामदायक हो और बड़े ग्रुप के लिए जगह भी मिल सके। यूजर पार्किंग से जुड़े सवाल भी पूछ सकता है, जैसे कि किस जगह पर गाड़ी पार्क करना सबसे आसान होगा। ‘Ask Maps’ इन सवालों के जवाब देने के लिए असली लोगों के रिव्यू और वेब कंटेंट से मिली जानकारी को भी शामिल करेगा।

भारत और अमेरिका में शुरू हुआ रोलआउट
कंपनी ने बताया है कि ‘Ask Maps’ फीचर को फिलहाल अमेरिका और India में एंड्रॉयड और iOS डिवाइस पर रोल आउट किया जा रहा है। शुरुआत में यह फीचर अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगा। हालांकि आने वाले समय में इसमें हिंदी सहित अन्य भाषाओं का भी सपोर्ट जोड़ा जा सकता है। भविष्य में इस फीचर को डेस्कटॉप वर्जन पर भी उपलब्ध कराने की योजना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।