बाहुबली बृजभूषण का भौकाल देख अमेरिकी फिटनेस स्टार एश्टन हॉल भी हैरान, आलीशान कोठी-हेलिकॉप्टर और घोड़ों ने लूटी महफिल
अमेरिकी फिटनेस इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल गोंडा पहुंचे, जहां उन्होंने बृजभूषण सिंह की आलीशान कोठी, हेलिकॉप्टर और हनुमान गदा देखी। शूटिंग रेंज में राइफल चलाई, बच्चों संग क्रिकेट खेला और पहलवानों से मुलाकात की।
अमेरिकी फिटनेस आइकॉन और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एश्टन हॉल इन दिनों भारत दौरे पर हैं। इसी दौरान वह दो दिनों के लिए उत्तर प्रदेश के गोंडा पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और उनके सांसद बेटे करण भूषण सिंह से मुलाकात की। गोंडा पहुंचते ही एश्टन हॉल का भव्य स्वागत किया गया।
15 एकड़ की कोठी और हेलिकॉप्टर देख हुए हैरान
करण भूषण सिंह एश्टन हॉल को अपने आवास लेकर गए, जहां 15 एकड़ में फैली आलीशान कोठी, निजी हेलिकॉप्टर और अस्तबल देखकर एश्टन हैरान रह गए। उन्होंने पूरे परिसर को बड़े उत्साह से देखा और कई तस्वीरें भी खिंचवाईं। रविवार सुबह करीब 8 बजे करण भूषण सिंह एश्टन हॉल को नंदिनी नगर शूटिंग रेंज लेकर पहुंचे। यहां एश्टन ने निशानेबाजी में रुचि दिखाई, जिसके बाद करण भूषण ने उन्हें राइफल थमाकर शूटिंग के टिप्स दिए। एश्टन हॉल ने दो फायर किए और शूटिंग का अनुभव लिया।
B मतलब बॉस बोलकर लूट ली महफिल
मुलाकात के दौरान एश्टन हॉल की नजर करण भूषण की चप्पलों पर पड़े B अक्षर पर गई। मजाकिया अंदाज में एश्टन ने B का मतलब Boss बताया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
हनुमान गदा उठाने में छूटे पसीने
करण भूषण ने एश्टन हॉल को बृजभूषण शरण सिंह का जिम भी दिखाया। यहां रखी विशाल ‘हनुमान गदा’ देखकर एश्टन काफी एक्साइटेड हो गए। उन्होंने गदा उठाकर एक्सरसाइज करने की कोशिश की। शुरुआती दो प्रयासों में वह सफल नहीं हुए, लेकिन तीसरी कोशिश में उन्होंने गदा उठा ली।
एश्टन हॉल ने लगाए भारत माता की जय के नारे
एश्टन हॉल ने स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट भी खेला और ‘खेलो इंडिया’ व ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। उन्होंने करीब ढाई करोड़ रुपये कीमत वाले घोड़ों पर बैठकर घुड़सवारी का आनंद भी लिया।
पहलवानों को दिए फिटनेस टिप्स
बृजभूषण शरण सिंह एश्टन हॉल को भारतीय कुश्ती संघ के प्रशिक्षण केंद्र भी लेकर गए। वहां एश्टन ने ट्रेनिंग ले रहे पहलवानों से मुलाकात की, तस्वीरें खिंचवाईं और फिटनेस से जुड़े टिप्स दिए। साथ ही कई खिलाड़ियों को कुश्ती किट भी वितरित की गई।
करण भूषण बोले- फिटनेस में एश्टन का कोई मुकाबला नहीं
सांसद करण भूषण सिंह ने कहा कि फिटनेस के मामले में एश्टन हॉल का कोई मुकाबला नहीं है। लोग उनसे प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने बताया कि एश्टन को निशानेबाजी, घुड़सवारी और भारतीय खेल संस्कृति से रूबरू कराया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
