अंबेडकरनगर हत्याकांड: चार बच्चों की हत्या से दहला जिला, शबनम कांड जैसी वारदात से उठे कई सवाल
अंबेडकर नगर में चार बच्चों के शव मिले, मां लापता। यह मामला 2008 में हुए शबनम हत्याकांड की याद दिलाता है, पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के मुरादाबाद मोहल्ले में हुई चार मासूम बच्चों की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना ने लोगों को 2008 के चर्चित शबनम हत्याकांड की याद दिला दी है। कुछ ही मिनटों में हंसता-खेलता परिवार मातम में बदल गया। मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस बात से हैरान है कि आखिर इस वारदात को क्यों अंजाम दिया गया।
परिवार की खुशी अचानक मातम में बदली
जानकारी के अनुसार, नियाज सऊदी अरब में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी 35 वर्षीय पत्नी गाजिया खातून अपने चार बच्चों—14 वर्षीय शफीक, 12 वर्षीय सऊद, 10 वर्षीय उमर और 8 वर्षीय बेटी शादिया—के साथ मुरादाबाद मोहल्ले में रहती थीं। मोहल्ले वालों के मुताबिक घटना से कुछ घंटे पहले तक घर में सब कुछ सामान्य था। बच्चों की किलकारियों से गूंजने वाला घर अचानक सन्नाटे में बदल गया। बताया जा रहा है कि मां ने बच्चों को खाना खिलाकर सुलाया, लेकिन उसके बाद जो हुआ उसने सभी को हिला दिया।
मां पर शक, कई सवाल खड़े
बताया जा रहा है कि गाजिया खातून ने ही अपने चारों बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गई। इस घटना ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। लोग यह सोचकर हैरान हैं कि एक मां ऐसा कदम कैसे उठा सकती है। पुलिस इस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी महिला की तलाश जारी है।
शबनम कांड की याद दिला रही घटना
यह घटना 2008 के शबनम हत्याकांड की याद दिलाती है, जब अमरोहा जिले में शबनम ने अपने प्रेमी सलीम के साथ मिलकर पूरे परिवार की हत्या कर दी थी। उसने पहले सभी को नशे की गोलियां खिलाईं और फिर कुल्हाड़ी से मार डाला। बाद में उसने इसे लूटपाट का मामला दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई थी।
पुलिस जांच जारी, कई बिंदुओं पर पड़ताल
अंबेडकरनगर की इस घटना में भी पुलिस कई एंगल से जांच कर रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं महिला के किसी से संबंध तो नहीं थे या कोई पारिवारिक विवाद तो नहीं था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर समाज को झकझोर दिया है।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
