शादी का झांसा देकर किया 13 साल की छात्रा से महीनों तक दुष्कर्म, 5 महीने की गर्भवती होने पर खुला राज, पुलिस ने आरोपी का किया गिरफ्तार
फतेहपुर में 13 वर्षीय छात्रा के पांच महीने की गर्भवती होने के बाद चौंकाने वाला मामला सामने आया। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसी युवक ने शादी का झांसा देकर कई महीनों तक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। खागा कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली कक्षा आठ की 13 वर्षीय छात्रा के पांच महीने की गर्भवती होने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने शादी का झांसा देकर कई महीनों तक छात्रा का यौन शोषण किया। जब छात्रा ने पेट दर्द की शिकायत की और उसे अस्पताल ले जाया गया, तब जांच रिपोर्ट ने पूरे परिवार को स्तब्ध कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पेट दर्द की वजह से हुआ मामले का खुलासा
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह चाट की दुकान चलाते हैं। कुछ दिनों पहले उनकी बेटी ने लगातार पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जांच में डॉक्टरों ने बताया कि छात्रा करीब पांच महीने की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों के पूछने पर छात्रा ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाला युवक उसे शादी का भरोसा देकर अपने झांसे में लेता रहा और कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी देता रहा शादी का झांसा
परिजनों के मुताबिक आरोपी छात्रा से कहता था कि वह उससे शादी करेगा, लेकिन फिलहाल किसी को इस बारे में न बताए। इसी भरोसे में छात्रा लंबे समय तक चुप रही। परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपी के घर जाकर शिकायत की तो उन्हें अपशब्द कहे गए और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया।
तीन लोगों के खिलाफ दी गई तहरीर
इसके बाद पीड़ित परिवार खागा कोतवाली पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। तहरीर में मुख्य आरोपी सत्यम तिवारी के अलावा उसके दोस्त दिव्य उर्फ सत्यम मिश्रा और आरोपी के भाई का भी नाम शामिल किया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है।
पॉक्सो एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि नाबालिग से जुड़े इस मामले में पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कराई जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-: रवि सिंह
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
