वृंदावन जा रहे हैं तो रुकिए ज़नाब…अब इन गाड़ियों की नो एंट्री, होली से पहले जान लें पूरा ट्रैफिक प्लान

वृंदावन में होली और रंगभरनी एकादशी को लेकर प्रशासन अलर्ट है। सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए किए गए सभी इंतजामों की पूरी जानकारी पढ़ें।

Feb 23, 2026 - 10:07
 0
वृंदावन जा रहे हैं तो रुकिए ज़नाब…अब इन गाड़ियों की नो एंट्री, होली से पहले जान लें पूरा ट्रैफिक प्लान

Uttar Pradesh News: वृंदावन में होली को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। रंगभरनी एकादशी से शुरू होने वाले उत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन ने होली के दौरान बदसलूकी और अव्यवस्था रोकने के लिए विशेष योजनाएं बनाई हैं। शहर को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही 24 फरवरी की रात से होली तक बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। अधिकारियों ने बैठक कर मंदिरों, परिक्रमा मार्ग और शहर में साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए विशेष तैयारी
रंगभरनी एकादशी से बांके बिहारी मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों और पूरे नगर में रंगों की होली खेलने तथा पंचकोसी परिक्रमा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने नगर निगम, स्वास्थ्य, बिजली समेत सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों को परिक्रमा मार्ग को गड्ढामुक्त करने, मोबाइल शौचालय लगाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

शहर को जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने पूरे वृंदावन को चार जोन और आठ सेक्टर में बांटा है। हर जोन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर का अधिकारी तैनात रहेगा। परशुराम पार्क और थाना वृंदावन में दो नियंत्रण कक्ष बनाए जाएंगे, जहां नगर निगम, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रहेगी। परिक्रमा मार्ग पर सात चिकित्सा केंद्र, सात एंबुलेंस और दस एंटी रोमियो टीम तैनात रहेंगी। 24 फरवरी से होली तक शहर में बाहरी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

मिलावटी रंग बेचने वालों और मनचलों पर सख्ती
बांके बिहारी मंदिर की गलियों को एक तरफा मार्ग बनाया जाएगा। यमुना में डूबने की घटनाओं को देखते हुए खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं को जबरन रंग लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए दस गुंडा दमन दल बनाए गए हैं। रासायनिक रंग और मिलावटी गुलाल बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि रंगभरनी एकादशी वृंदावन का प्रमुख धार्मिक पर्व है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग आते हैं। सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय पर तैयारियां पूरी करने को कहा गया है, ताकि किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो। मंदिर प्रशासन और सेवायतों को भी निर्देश दिए गए हैं कि गुलाल के कारण घुटन जैसी स्थिति न बने और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा मंदिरों के सेवायत मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।